हादसों पर ब्रेक लगाने उतरी पुलिस; उदयपुरवाटी घूमचक्कर पर बांटे 50 हेलमेट,
उदयपुरवाटी (सुमेरसिंह राव) कस्बे में बढ़ते सड़क हादसों पर अंकुश लगाने और आमजन को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करने के लिए उदयपुरवाटी पुलिस ने एक सराहनीय पहल की है। पुलिस थाने के थानाधिकारी रामपाल मीणा के नेतृत्व में कस्बे के प्रमुख घूमचक्कर सर्किल पर सड़क सुरक्षा को लेकर एक विशेष अभियान चलाया गया, जिसके तहत दुपहिया वाहन चालकों को हेलमेट वितरित कर सुरक्षित सफर का संदेश दिया गया।
हेलमेट पहनकर ही चलाएं वाहन— थानाधिकारी मीणा: अभियान के दौरान दुपहिया वाहन चालकों को यातायात नियमों की विस्तृत जानकारी देते हुए थानाधिकारी रामपाल मीणा ने कहा कि जीवन बेहद अनमोल है। सड़क हादसों में होने वाली जनहानि को रोकने के लिए दुपहिया वाहन चालक अनिवार्य रूप से हेलमेट पहनकर ही वाहन चलाएं। उन्होंने वाहन चालकों से पूरी जिम्मेदारी और सतर्कता के साथ सड़क पर चलने की अपील की।
समाजसेवी के सहयोग से सुरक्षा का सुरक्षा कवच: घूमचक्कर सर्किल पर आयोजित इस अभियान के दौरान स्थानीय समाजसेवी महेश सैनी के आर्थिक सहयोग से 50 दुपहिया वाहन चालकों को निशुल्क हेलमेट वितरित किए गए। पुलिस ने बिना हेलमेट जा रहे चालकों को रोककर न केवल उन्हें सुरक्षा का यह कवच सौंपा, बल्कि भविष्य में बिना हेलमेट घर से बाहर न निकलने का संकल्प भी दिलाया। पुलिस की इस अनूठी और सकारात्मक पहल की स्थानीय नागरिकों ने जमकर सराहना की और खुद भी बढ़-चढ़कर इस सड़क सुरक्षा अभियान का हिस्सा बने। सड़क सुरक्षा और जागरूकता के इस विशेष अभियान के दौरान ट्रैफिक इंचार्ज रणवीर सिंह सहित उदयपुरवाटी थाने की पूरी पुलिस टीम, कई स्थानीय जनप्रतिनिधि, प्रबुद्ध नागरिक और भारी संख्या में दुपहिया वाहन चालक उपस्थित रहे।


