योगी स्टेडियम में 7 से 14 जून तक निशुल्क फ्री ट्रायल, चयनित खिलाड़ियों को मिलेगा विशेष प्रशिक्षण
झुंझुनू (सुमेरसिंह राव) जिले की खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने एवं उन्हें राष्ट्रीय तथा अंतरराष्ट्रीय स्तर तक पहुंचाने के उद्देश्य से योगी स्टेडियम में 7 जून से 14 जून 2026 तक निशुल्क खेल प्रशिक्षण एवं फ्री ट्रायल शिविर का आयोजन किया जाएगा। शिविर में 5 से 13 वर्ष आयु वर्ग के बालक एवं बालिकाएं भाग ले सकेंगे।
शिविर में ताइक्वांडो, तलवारबाजी, तीरंदाजी, जिम्नास्टिक, रोलर स्केटिंग, डांस स्पोर्ट्स, सेपक टकरा, रग्बी एवं बॉक्सिंग सहित विभिन्न खेलों का प्रशिक्षण प्रदान किया जाएगा। प्रशिक्षण शिविर का संचालन अंतरराष्ट्रीय ताइक्वांडो खिलाड़ी, भारतीय टीम के पूर्व कोच एवं अंतरराष्ट्रीय रेफरी शुभाष योगी के निर्देशन में अनुभवी प्रशिक्षकों द्वारा किया जाएगा।
फ्री ट्रायल अवधि के दौरान खिलाड़ियों की प्रतिभा, फिटनेस, अनुशासन एवं खेल के प्रति रुचि का मूल्यांकन किया जाएगा। चयनित खिलाड़ियों को 15 जून से 30 जून 2026 तक विशेष प्रशिक्षण शिविर में शामिल किया जाएगा, जहां उन्हें उन्नत तकनीकी प्रशिक्षण, फिटनेस विकास एवं प्रतियोगी तैयारी कराई जाएगी।
शिविर में भाग लेने वाले नए खिलाड़ियों को राष्ट्रीय एवं राज्य स्तरीय खिलाड़ियों के साथ प्रशिक्षण प्राप्त करने का अवसर मिलेगा। उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को आगामी राज्य एवं राष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में भाग लेने का सुनहरा अवसर प्रदान किया जाएगा।
स्टेडियम निदेशक शुभाष योगी ने बताया कि खेल बच्चों के शारीरिक, मानसिक एवं व्यक्तित्व विकास का सर्वोत्तम माध्यम हैं। उन्होंने अभिभावकों से अपने बच्चों को खेलों से जोड़ने तथा इस निशुल्क प्रशिक्षण शिविर का अधिकतम लाभ उठाने की अपील की। इच्छुक खिलाड़ी एवं अभिभावक शीघ्र पंजीकरण करवा सकते हैं। प्रवेश सीमित सीटों के आधार पर दिया जाएगा।


