पूर्व सरपंच सोलेत की प्रतिमा अनावरण, ग्रामीण बोले— गांव की पहचान थे सोलेत साहब, अब प्रेरणा बन साथ रहेंगे
कांवट (सुमेर सिंह राव) ग्राम प्रीतमपुरी की ढाणी सोलेतान में गुरुवार को पूर्व सरपंच स्व. जगदीश प्रसाद सोलेत की प्रथम पुण्यतिथि पर प्रीतमपुरी में उनकी प्रतिमा का अनावरण हुआ। समारोह में पहुंचे जनप्रतिनिधियों व ग्रामीणों ने सोलेत के योगदान को याद कर नम आंखों से श्रद्धांजलि दी।
ढाणी सोलेतान स्थित निवास स्थान पर हुई सभा में ग्रामीणों से लेकर जनप्रतिनिधियों तक सभी के लिए एक ही बात प्रमुख रही कि सोलेत ने गांव को विकसित करने में कोई कसर नहीं छोड़ी। यूडीएच मंत्री झाबर सिंह खर्रा, सैनिक कल्याण बोर्ड अध्यक्ष प्रेमसिंह बाजौर और खंडेला विधायक सुभाष मील कार्यक्रम में शामिल हुए।
इस दौरान वक्ताओं ने कहा कि सोलेत ने अपने कार्यकाल में बिना भेदभाव हर परिवार तक योजनाएं और सुविधाएं पहुंचाईं। गांव में सड़कों, पेयजल और शिक्षा व्यवस्था को बेहतर करने में उनका बड़ा योगदान रहा। प्रतिमा अनावरण के बाद सभी ने पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। कार्यक्रम के दौरान बड़ी संख्या में महिलाएं, युवा और बुजुर्ग मौजूद रहे।
ग्रामीणों का कहना है कि यह प्रतिमा हमें हमेशा याद दिलाएगी कि विकास के लिए संकल्प कितना बड़ा होता है।समारोह के बाद सामूहिक भोजन का आयोजन हुआ, जिसमें गांव के हर वर्ग ने भाग लेकर सोलेत की स्मृति को और खास बना दिया। इस मौके पर जुगलपुरा प्रशासक कैलाश मीणा, शिक्षाविद बालचंद लाबा, राष्ट्रीय सामाजिक जन चेतना मंच के अध्यक्ष एवं समाजसेवी मदनलाल भावरिया पचलंगी, पोखरमल सेप्ट, कल्याणपुरा प्रशासक पवन साईं, कामरेड सुरेंद्र खोखर, प्रीतमपुरी वर्तमान प्रशासक छाजू राम यादव, ओम प्रकाश सोलेत, सूडाराम खोखर, मनोज सेपट, सहित हजारों की तादाद में पुरुष एवं महिलाएं मौजूद रही l

