मकराना भाजपा की रणनीतिक बैठक, बूथ स्तर पर मजबूत होगा संगठन, घर-घर पहुंचेंगी जन-कल्याणकारी योजनाएं
मकराना (मोहम्मद शहजाद)। भारतीय जनता पार्टी के सांगठनिक ढांचे को जमीनी स्तर पर और अधिक सक्रिय व सशक्त बनाने के उद्देश्य से मंगलवार को मकराना स्थित अजय इंजीनियरिंग भाजपा कार्यालय में एक महत्वपूर्ण रणनीतिक बैठक का आयोजन किया गया। विधानसभा प्रवासी प्रभारी जितेंद्र कौशिक के मुख्य आतिथ्य एवं मार्गदर्शन में आयोजित इस बैठक में आगामी सांगठनिक कार्यक्रमों की रूपरेखा तैयार की गई और केंद्र व राज्य सरकार की कल्याणकारी योजनाओं को हर घर तक पहुंचाने का संकल्प लिया गया। बैठक को मुख्य वक्ता के रूप में संबोधित करते हुए विधानसभा प्रवासी प्रभारी जितेंद्र कौशिक ने कार्यकर्ताओं में ऊर्जा का संचार करते हुए कहा भाजपा की वास्तविक ताकत उसके निष्ठावान कार्यकर्ता हैं। संगठन की मजबूती का रास्ता बूथ से होकर गुजरता है। हमारा मुख्य लक्ष्य यह होना चाहिए कि सरकार की लोक-कल्याणकारी योजनाओं का सीधा लाभ समाज के अंतिम पायदान पर खड़े पात्र व्यक्ति तक पहुंचे।
इसके लिए सभी कार्यकर्ता प्रत्येक परिवार से सीधा संपर्क स्थापित करें। उन्होंने संगठनात्मक गतिविधियों को गति देने के लिए बूथ स्तर पर सक्रियता बढ़ाने पर विशेष बल दिया। बैठक के दौरान पार्टी की मजबूती, आगामी कार्यक्रमों की सफलता और जनसंपर्क अभियानों के प्रभावी क्रियान्वयन को लेकर विस्तृत रोडमैप तैयार किया गया। वरिष्ठ वक्ताओं ने कहा कि कार्यकर्ताओं की आपसी एकजुटता और निरंतर सक्रियता ही पार्टी की सबसे बड़ी पूंजी है। बैठक में कार्यकर्ताओं को बूथ स्तर पर विभिन्न जिम्मेदारियां भी सौंपी गईं। इस सांगठनिक बैठक में क्षेत्र के कई प्रमुख भाजपा नेता और बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे, जिनमें मुख्य रूप से सुमिता भींचर (निवर्तमान प्रधान), महेंद्र रांदड़ (पूर्व जिला कोषाध्यक्ष, भाजपा), नितेश जैन (वरिष्ठ भाजपा नेता), कपिल तोषनीवाल (निवर्तमान शहर मंडल अध्यक्ष), नाथूराम चौहान (वरिष्ठ कार्यकर्ता), विष्णु सिंह चौहान (अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद), प्रकाश जैन सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे।


