झड़ाया धाम में 108 कुंडीय श्रीराम महायज्ञ 17 जून से, आगवाड़ी में पोस्टर विमोचन के साथ जनसंपर्क शुरू
उदयपुरवाटी (सुमेरसिंह राव) निकटवर्ती बालाजी धाम झड़ाया नगर में आगामी 17 जून से आयोजित होने वाले ऐतिहासिक 108 कुंडीय श्रीराम महायज्ञ की तैयारियां तेज हो गई हैं। इसी कड़ी में ग्राम आगवाड़ी में यज्ञ उप-आचार्य विद्वान पंडित संजय शास्त्री के नेतृत्व में महायज्ञ के पोस्टर का विमोचन किया गया। पोस्टर विमोचन के साथ ही ग्रामीणों को यज्ञ में सम्मिलित होने के लिए निमंत्रण पत्र और पीले चावल बांटे गए। यज्ञ को लेकर पूरे क्षेत्र में भारी उत्साह है, विशेषकर महिलाओं में इस धार्मिक अनुष्ठान को लेकर खासा चाव देखा जा रहा है।
- 16 जून को निकलेगी भव्य कलश यात्रा:
यज्ञ उप-आचार्य संजय शास्त्री ने बताया कि महायज्ञ के शुभारंभ से पूर्व 16 जून को विशाल एवं भव्य कलश यात्रा निकाली जाएगी। यज्ञ को भव्य और सफल बनाने के लिए कार्यकर्ताओं की टीमें गांव-गांव और ढाणी-ढाणी जाकर लोगों को आमंत्रित कर रही हैं।
- रामकथा और जीवंत झांकियां होंगी मुख्य आकर्षण:
इस दिव्य आयोजन के दौरान महायज्ञ के साथ-साथ श्री राम कथा का भी आयोजन किया जाएगा, जिसका वाचन सुप्रसिद्ध कथावाचक भाई रणवीर सिंह शेखावाटी वाले करेंगे। इसके अतिरिक्त, यज्ञ के दौरान प्रतिदिन शाम को भगवान श्रीकृष्ण और श्री राम के जीवन पर आधारित जीवंत झांकियों का प्रदर्शन किया जाएगा, जो श्रद्धालुओं के लिए मुख्य आकर्षण का केंद्र रहेंगी।
- पोस्टर विमोचन के दौरान ये रहे उपस्थित:
आगवाड़ी में आयोजित कार्यक्रम के दौरान बनवारी लाल गर्ग, बजरंग सिंह, चंदा देवी गर्ग, ममता शर्मा, हिमांशी गर्ग, रविता गर्ग, कनकलता शर्मा, ध्रुव भारद्वाज तथा धैर्य भारद्वाज सहित अनेक गणमान्य ग्रामीण और मातृशक्ति उपस्थित रही।


