हरियालो राजस्थान अभियान में 1500 पौधे लगाए,जिला कलक्टर ने पर्यावरण संरक्षण का दिया संदेश
भरतपुर ( कोश्लेंद्र दत्तात्रेय) 22 जुलाई। हरियालो राजस्थान अभियान के अंतर्गत बुधवार को इंजीनियरिंग कॉलेज परिसर में नगर निगम के तत्वावधान में वृहद पौधरोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि जिला कलक्टर कमर चौधरी रहे। इस अवसर पर परिसर में विभिन्न प्रजातियों के 1500 पौधे रोपे गए तथा पर्यावरण संरक्षण एवं हरित विकास का संकल्प दोहराया गया।
जिला कलक्टर कमर चौधरी ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण वर्तमान समय की सबसे बड़ी आवश्यकता है। जलवायु परिवर्तन और बढ़ते प्रदूषण की चुनौतियों से निपटने के लिए अधिक से अधिक पौधरोपण करना समय की मांग है। उन्होंने कहा कि भरतपुर को हराभरा और स्वच्छ बनाने के लिए केवल सरकारी प्रयास पर्याप्त नहीं हैं, बल्कि समाज के प्रत्येक वर्ग की सक्रिय भागीदारी आवश्यक है।
उन्होंने सामाजिक संस्थाओं, शैक्षणिक संस्थानों तथा विभिन्न विभागों से अभियान में बढ़-चढ़कर भाग लेने का आव्हान करते हुए कहा कि जुलाई माह पौधरोपण के लिए सबसे उपयुक्त समय है। ऐसे में सभी संस्थाएं और नागरिक अधिकाधिक पौधे लगाकर तथा उनकी नियमित देखभाल कर हरियालो राजस्थान के संकल्प को सफल बनाने में अपना योगदान दें।
जिला कलक्टर ने कहा कि पौधारोपण तभी सार्थक होगा जब लगाए गए पौधों का संरक्षण भी सुनिश्चित किया जाए। प्रत्येक व्यक्ति यदि कम से कम एक पौधे की जिम्मेदारी लेकर उसकी देखभाल करे तो आने वाले वर्षों में भरतपुर जिले की हरियाली में उल्लेखनीय वृद्धि होगी और पर्यावरण संतुलन मजबूत होगा।
कार्यक्रम के दौरान नगर निगम के अधिकारियों, जनप्रतिनिधियों, विभिन्न विभागों के अधिकारियों-कर्मचारियों, इंजीनियरिंग कॉलेज के प्राध्यापकों, विद्यार्थियों तथा सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों ने भी पौधरोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। सभी ने पौधों की नियमित देखभाल करने तथा अधिक से अधिक लोगों को इस अभियान से जोड़ने का संकल्प लिया।
इस अवसर पर नगरनिगम के राजस्व अधिकारी तेजराम मीणा, अधिशाषी अभियन्ता योगेश कुमावत, सहायक अभियन्ता राधेश्याम गुर्जर सहित इजिनियरिंग कॉलेज के प्राध्यापक बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।


