शमशान भूमि पर कब्जा कर मकान बनाने का मामला ग्रामीणों ने जिला कलैक्टर को सौंपा ज्ञापन
अलवर जिले के लक्ष्मणगढ़ थाना क्षेत्र अंतर्गत जोनाखेड़ा गांव में शमशान भूमि पर अवैध कब्जा कर मकान बनाने का शिकायत करते हुए ग्रामीणों ने जिला कलैक्टर को ज्ञापन सौंपा है।
ग्रामीणों का आरोप है कि गांव की शमशान के लिए आरक्षित भूमि पर विशेष समुदाय के कुछ लोग अवैध रूप से निर्माण कर रहे हैं, जिससे गांव के लोगों में भारी आक्रोश है।
ग्रामीण राजू ने बताया कि शमशान की यह भूमि वर्षों से गांव के उपयोग में रही है, लेकिन हाल के दिनों में कुछ लोगों द्वारा वहां मकान बनाने की गतिविधियां शुरू कर दी गई हैं। इस संबंध में पहले भी आपत्ति जताई गई, लेकिन कोई ठोस कार्रवाई नहीं होने पर ग्रामीणों ने जिला स्तर पर अपनी शिकायत दर्ज कराई है।
ज्ञापन के साथ ग्रामीणों ने संबंधित भूमि के जरूरी दस्तावेज और रिकॉर्ड भी प्रशासन के समक्ष पेश किए हैं, ताकि स्थिति स्पष्ट हो सके। उनका कहना है कि यदि समय रहते कार्यवाही नहीं की गई तो भविष्य में सामाजिक तनाव की स्थिति उत्पन्न हो सकती है।
जिला प्रशासन ने गंभीरता दिखाते हुए सभी तथ्यों की जांच कराने की बात कही है। प्रशासनिक अधिकारियों ने राजस्व रिकॉर्ड, मौके की स्थिति को देखकर दोषी लोगों के विरुद्ध कार्यवाही करने का आश्वासन दिया है