भैंस को बचाने के चक्कर में डंपर से भिड़ी कार, RPS अधिकारी रविंद्र मीणा गंभीर रूप से घायल
भरतपुर / राजस्थान
भरतपुर। आगरा-जयपुर नेशनल हाईवे पर गुरुवार दोपहर एक भीषण सड़क हादसा हो गया। जयपुर से रूपवास जा रहे राजस्थान पुलिस सेवा (RPS) के अधिकारी रविंद्र मीणा की कार अनियंत्रित होकर आगे चल रहे डंपर से जा टकराई। इस हादसे में RPS अधिकारी गंभीर रूप से घायल हो गए हैं।
अचानक सामने आई भैंस, अनियंत्रित हुई कार जानकारी के अनुसार, हादसा दोपहर करीब 2 बजे सेवर थाना क्षेत्र स्थित मलाह पुल के पास हुआ। RPS रविंद्र मीणा अपनी निजी कार से जयपुर से रूपवास की ओर जा रहे थे। इसी दौरान अचानक हाईवे पर कार के सामने एक भैंस आ गई। भैंस को बचाने के चक्कर में अधिकारी ने कार पर से नियंत्रण खो दिया और गाड़ी सीधे आगे चल रहे डंपर में जा घुसी।
हादसे में कार के उड़े परखच्चे टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। चीख-पुकार सुनकर आसपास मौजूद राहगीर तुरंत मौके पर पहुंचे और कड़ी मशक्कत के बाद रविंद्र मीणा को कार से बाहर निकाला।
प्राथमिक उपचार के बाद जयपुर रेफर राहगीरों की मदद से उन्हें तुरंत पास के एक निजी अस्पताल ले जाया गया, जहां से उन्हें जिला आरबीएम अस्पताल भेजा गया। आरबीएम अस्पताल में डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए जयपुर रेफर कर दिया।
RPS अधिकारी रविंद्र मीणा वर्ष 2024 में अपने प्रोबेशन पीरियड के दौरान भरतपुर कोतवाली में SHO के पद पर तैनात रह चुके हैं। फिलहाल सेवर थाना पुलिस मौके पर पहुंचकर मामले की जांच में जुट गई है।

