10 मिनट बारिश में जलभराव:बारां आरओबी के नीचे सड़क धंसी, कीचड़ से लोग परेशान, परिषद पर लगाया सुनवाई नहीं करने का आरोप
बारां। मानसून की पहली फुहारों ने ही बारां शहर के विकास के दावों की पोल खोलकर रख दी है। नगर परिषद प्रशासन की कथित लापरवाही का खामियाजा अब आम जनता को भुगतना पड़ रहा है। शहर के तेल फैक्ट्री से दीनदयाल पार्क जाने वाले रेलवे ओवरब्रिज (आरओबी) के नीचे स्थिति इस कदर बिगड़ चुकी है कि वहां से पैदल निकलना भी जोखिम भरा साबित हो रहा है।
सीवरेज लाइन बनी आफत, धंसी सड़क स्थानीय निवासियों के अनुसार, कुछ समय पहले यहाँ सीवरेज लाइन बिछाई गई थी, लेकिन काम पूरा होने के बाद सड़क की सुध नहीं ली गई। पाइपलाइन के ऊपर डाली गई मिट्टी बारिश के कारण धंस गई है, जिससे पूरी सड़क पर गहरे गड्ढे बन गए हैं और चारों तरफ कीचड़ फैल गया है।
10 मिनट की बारिश में पूरा इलाका जलमग्न समस्या सिर्फ गड्ढों तक सीमित नहीं है। आरओबी के नीचे बने नालों की लंबे समय से सफाई न होने के कारण वे मिट्टी से अटे पड़े हैं। नतीजा यह होता है कि महज 10 मिनट की बारिश में ही पूरा क्षेत्र दरिया बन जाता है। इतना ही नहीं, आरओबी के ड्रेनेज पाइपों का पानी भी सीधे नीचे कच्चे रास्ते पर गिरता है, जिससे हालात और ज्यादा विकट हो जाते हैं।
महिलाओं और स्कूली बच्चों की बढ़ी आफत स्थानीय महिलाओं ने अपना दर्द बयां करते हुए बताया कि घरों से बाहर निकलना एक बड़ी चुनौती बन गया है। कीचड़ के कारण छोटे बच्चों को स्कूल भेजने में रोज फजीहत होती है। गंदे जूते-चप्पलों के साथ घर में प्रवेश करना पड़ रहा है, जिससे संक्रमण और बीमारियों का खतरा भी बढ़ गया है।
प्रशासन से गुहार: क्षेत्रवासियों ने बारां नगर परिषद पर अनदेखी का आरोप लगाते हुए मांग की है कि सड़क की तत्काल मरम्मत करवाई जाए और नालों की सफाई कराकर जल निकासी का स्थायी समाधान निकाला जाए, ताकि किसी बड़े हादसे को टाला जा सके।

