सब-इंस्पेक्टर परीक्षा में सफल अभ्यर्थियों का अब 'फिजिकल टेस्ट': प्रदेश के 8 रेंज मुख्यालयों पर 3 अगस्त से 12 अगस्त तक आयोजन; SSO ID से डाउनलोड होंगे एडमिट कार्ड
जयपुर (राजस्थान)
जयपुर। राजस्थान लोक सेवा आयोग (RPSC) द्वारा आयोजित उप निरीक्षक (SI) एवं प्लाटून कमांडर सीधी भर्ती परीक्षा-2025 के अगले चरण की तिथियों की घोषणा कर दी गई है। लिखित परीक्षा में सफलता हासिल करने वाले 20,798 अभ्यर्थियों की शारीरिक दक्षता परीक्षा (PET) आगामी 3 अगस्त से 12 अगस्त तक प्रदेश के विभिन्न रेंज मुख्यालयों पर आयोजित की जाएगी।
8 रेंज मुख्यालयों पर बनाए गए केंद्र
उप महानिरीक्षक (DIG) पुलिस भर्ती एवं पदोन्नति बोर्ड मनोज कुमार ने जानकारी देते हुए बताया कि आरपीएससी द्वारा लिखित परीक्षा का आयोजन 5 और 6 अप्रैल को किया गया था, जिसका परिणाम 19 जून को जारी हुआ था। अब पुलिस मुख्यालय स्तर पर गठित बोर्ड द्वारा सफल अभ्यर्थियों का फिजिकल टेस्ट लिया जाएगा।
यह शारीरिक दक्षता परीक्षा राज्य के 8 रेंज मुख्यालयों पर आयोजित की जाएगी—जिसमें जयपुर (दो केंद्र), उदयपुर, कोटा, जोधपुर, भरतपुर, बीकानेर और अजमेर शामिल हैं। अभ्यर्थियों को अपने आवंटित परीक्षा केंद्र, तिथि और समय पर अनिवार्य रूप से उपस्थित होना होगा।
SSO ID से जल्द डाउनलोड होंगे एडमिट कार्ड
डीआईजी मनोज कुमार ने बताया कि परीक्षा के प्रवेश-पत्र शीघ्र ही जारी कर दिए जाएंगे, जिन्हें अभ्यर्थी अपनी SSO ID के माध्यम से डाउनलोड कर सकेंगे। परीक्षा केंद्र पर प्रवेश-पत्र के साथ एक वैध फोटोयुक्त मूल पहचान पत्र और आवश्यक दस्तावेज साथ लाना अनिवार्य रहेगा।
अभ्यर्थियों के लिए पुलिस मुख्यालय के महत्वपूर्ण दिशा-निर्देश:
-
मानकों के अनुसार करें तैयारी: अभ्यर्थी महानिदेशक पुलिस, राजस्थान के स्थायी आदेश संख्या-10/2025 में निर्धारित शारीरिक दक्षता मानकों और पाठ्यक्रम के अनुसार ही अपनी तैयारी रखें।
-
व्यक्तिगत सूचना नहीं भेजी जाएगी: पुलिस मुख्यालय ने स्पष्ट किया है कि किसी भी अभ्यर्थी को डाक या व्यक्तिगत माध्यम से सूचना नहीं दी जाएगी।
-
वेबसाइट पर रखें नजर: परीक्षा से संबंधित सभी आधिकारिक अपडेट्स केवल राजस्थान पुलिस की आधिकारिक वेबसाइट और प्रमुख समाचार पत्रों के माध्यम से ही दिए जाएंगे।

