बजरी के ओवरलोड ट्रेलर की टक्कर से सांड की मौत: ग्रामीणों का फूटा गुस्सा, सड़क पर जाम लगा की कड़ी कार्रवाई की मांग
जेतपुर/मूलियावास। क्षेत्र में बेखौफ दौड़ रहे ओवरलोड बजरी वाहनों का कहर थमने का नाम नहीं ले रहा है। शनिवार को जेतपुर थाना क्षेत्र के मूलियावास गांव में बजरी से भरे एक तेज रफ्तार ओवरलोड ट्रेलर ने सांड को चपेट में ले लिया, जिससे उसकी मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। इस हादसे के बाद ग्रामीणों का गुस्सा फूट पड़ा और उन्होंने सड़क पर जाम लगाकर जोरदार विरोध प्रदर्शन किया।
सड़क पर लगा लंबा जाम, यात्री परेशान
हादसे के तुरंत बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने मूलियावास में मुख्य मार्ग को अवरुद्ध कर दिया। जाम के कारण सड़क के दोनों ओर गाड़ियों की लंबी-लंबी कतारें लग गईं, जिससे राहगीरों और वाहन चालकों को भीषण गर्मी व परेशानी का सामना करना पड़ा।
पुलिस ने समझाइश कर खुलवाया रास्ता
घटना की सूचना मिलते ही जेतपुर थाने से एएसआई हीरालाल विश्नोई पुलिस जाप्ते के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस अधिकारियों ने उग्र ग्रामीणों से काफी देर तक बातचीत की और उचित कार्रवाई का आश्वासन देकर जाम खुलवाया, जिसके बाद यातायात सुचारु हो सका।
ओवरलोडिंग और रफ्तार पर उठे गंभीर सवाल
प्रदर्शन कर रहे ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि क्षेत्र में लंबे समय से अवैध और ओवरलोड बजरी वाहनों का संचालन जारी है। प्रशासन की ढिलाई के कारण आए दिन हादसे हो रहे हैं। ग्रामीणों का कहना है कि यह तेज रफ्तार ओवरलोड वाहन न केवल बेजुबान मवेशियों बल्कि आम इंसानों की जिंदगी के लिए भी काल बन चुके हैं।
ग्रामीणों की प्रमुख मांगें:
- हादसे के जिम्मेदार ट्रेलर ड्राइवर और वाहन मालिक के खिलाफ तुरंत सख्त कानूनी कार्रवाई हो।
- मूलियावास गांव की सीमा में हादसों को रोकने के लिए अविलंब स्पीड ब्रेकर बनाए जाएं।
- बजरी के ओवरलोड वाहनों के खिलाफ प्रशासन विशेष अभियान चलाकर स्थायी रोक लगाए।

