भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) ने इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2026 के पहले फेज का शेड्यूल जारी कर दिया है। इस शेड्यूल में 20 मुकाबलों की जानकारी साझा की गई है। हालांकि, इस बार जयपुर के क्रिकेट प्रेमियों के लिए यह खबर थोड़ी निराशाजनक है, क्योंकि पहले फेज में राजस्थान रॉयल्स को मिले तीनों मैच जयपुर की जगह गुवाहाटी में खेले जाएंगे। दरअसल, IPL के इस सीजन में राजस्थान रॉयल्स को पहले फेज में तीन मुकाबले दिए गए हैं, लेकिन ये तीनों मैच टीम के दूसरे होम ग्राउंड गुवाहाटी में आयोजित किए जाएंगे। ऐसे में जयपुर के सवाई मानसिंह स्टेडियम में पहले फेज के दौरान कोई भी मैच नहीं होगा, जिससे शहर के क्रिकेट प्रेमियों में निराशा देखने को मिल रही है। पहले फेज के तहत गुवाहाटी में होने वाले इन मुकाबलों में चेन्नई सुपर किंग्स, रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु और मुंबई इंडियंस जैसी बड़ी टीमों के मैच शामिल हैं। इस बार IPL के पहले चरण में जयपुर के दर्शकों को महेंद्र सिंह धोनी, विराट कोहली, रोहित शर्मा, सूर्यकुमार यादव और हार्दिक पांड्या जैसे स्टार खिलाड़ियों को मैदान पर देखने का मौका नहीं मिलेगा।
जयपुर में IPL मैचों को लेकर पिछले कुछ समय से लगातार चर्चाएं और विवाद भी चल रहे थे। ऐसे में जब पहले फेज के शेड्यूल में जयपुर को जगह नहीं मिली, तो क्रिकेट प्रेमियों की उम्मीदों को झटका लगा है। हालांकि, IPL 2026 के दूसरे फेज का शेड्यूल अभी जारी होना बाकी है। ऐसे में संभावना जताई जा रही है कि दूसरे चरण में राजस्थान रॉयल्स के कुछ मुकाबले जयपुर के सवाई मानसिंह स्टेडियम में आयोजित किए जा सकते हैं।
जयपुर से गुवाहाटी शिफ्ट कर दिया पिछले लंबे वक्त से जयपुर में इंडियन प्रीमियर लीग के मुकाबले की तैयारी शुरू हो गई थी। हर साल जयपुर में मुंबई इंडियंस और रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु की टीम के मैच होते थे। लेकिन पहली बार ऐसा हो रहा है कि चेन्नई के साथ राजस्थान रॉयल्स के 2 महत्वपूर्ण मुकाबले जो रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु और मुंबई इंडियंस के साथ होते हैं, उन्हें भी जयपुर से गुवाहाटी शिफ्ट कर दिया गया है। हालांकि, अब उम्मीद लगाई जा रही है कि सीजन के शेष 4 मुकाबले जयपुर के सवाई मानसिंह स्टेडियम में होंगे, जिनमें गुजरात टाइटंस, पंजाब सुपर किंग्स, सनराइजर्स हैदराबाद के साथ ही दिल्ली कैपिटल्स जैसी टीमों के मैच शामिल होंगे।