तेज रफ्तार ईको कार ने बाइक सवार दंपति को मारी टक्कर; दर्दनाक मौत
भीलवाड़ा (राजस्थान) भीलवाड़ा के नेशनल हाईवे-758 पर शुक्रवार रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार पति-पत्नी की मौत हो गई। हादसा सदर थाना क्षेत्र के अगरपुरा गांव के पास हुआ, जब दंपति राजसमंद जिले के आमेट से अपने गांव पौडरास जा रहे थे। अपने गंतव्य से महज 4 किलोमीटर पहले तेज रफ्तार ईको कार ने उनकी बाइक को सामने से जोरदार टक्कर मार दी।
- उछलकर खाई में गिरे पति-पत्नी
सदर थाने के एएसआई रोहिताश्व कुमार ने बताया कि टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक सवार दोनों लोग उछلकर सड़क किनारे खाई में जा गिरे और बाइक पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। हादसे के बाद मौके पर मौजूद लोगों ने एंबुलेंस की मदद से दोनों गंभीर घायलों को महात्मा गांधी हॉस्पिटल पहुँचाया, जहाँ ड्यूटी डॉक्टर ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
हादसे में जान गंवाने वालों की पहचान राजसमंद जिले के आमेट निवासी बंशीलाल भील (38) और उनकी पत्नी मांगी देवी भील (35) के रूप में हुई है।
- हाईवे पर लगा जाम, पुलिस ने संभाली स्थिति
दुर्घटना के बाद मौके पर भारी संख्या में ग्रामीण एकत्र हो गए, जिससे कुछ देर के लिए नेशनल हाईवे पर जाम लग गया। सूचना मिलते ही सदर थाना पुलिस मौके पर पहुँची और दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को सड़क से हटवाकर यातायात सुचारू कराया। पुलिस ने दोनों शवों को अस्पताल की मॉर्च्युरी में रखवा दिया है, जिनका पोस्टमॉर्टम करवाकर शव परिजनों को सौंपे जाएंगे।

