दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेस वे से जुड़ेगा हाईवे , तीन जिलों को मिलेगा लाभ
लक्ष्मणगढ़ (अलवर/कमलेश जैन) जिले के खैरथल के पास से निकलने वाले पनियाला से लक्ष्मणगढ़ क्षेत्र के बड़ौदामेव तक बनने वाले 86 किलोमीटर लंबे सुपर एक्सप्रेस हाईवे का निर्माण जोरों से चल रहा है। यह हाइवे पर 6 लाइन का ग्रीन फील्ड हाईवे होगा। जिसका निर्माण दो चरणों में किया जा रहा है, पहले चरण में 46 किलोमीटर और दूसरे में 40 किलोमीटर हाईवे का निर्माण किया जा रहा है। जानकारी के अनुसार यह परियोजना 2026 तक पूरी होने की उम्मीद जताई जा रही है।
इस हाइवे के निर्माण कार्य पूरा होने से न केवल खैरथल-तिजारा बल्कि कोटपुतली- बहरोड और अलवर जिले की भी कनेक्टिविटी मजबूत होगी। इस हाईवे के निर्माण से खैरथल तिजारा जिला सहित अलवर, कोटपूतली बहरोड के 55 गांव शामिल होंगे। इनमें कोटपूतली के 2, बानसूर के 15, मुंडावर के 9, किशनगढ़ के 2, अलवर के 16, रामगढ़ के 9, लक्ष्मणगढ़ तहसील के 2 गांव शामिल है।
क्षेत्र में औद्योगिक गतिविधियों को मिलेगा प्रोत्साहन
इसके निर्माण से क्षेत्र में औद्योगिक व आर्थिक गतिविधियों को भी बड़ा प्रोत्साहन मिलेगा। यह हाईवे सीधे दिल्ली- मुंबई एक्सप्रेस हाईवे से जुड़ेगा। पनियाला में इसका जंक्शन अंबाला ग्रीन फील्ड हाईवे और जयपुर-दिल्ली राजमार्ग से जुड़ेगा। इससे यह क्षेत्र मल्टी-लेन जंक्शन का हब बन जाएगा। हाइवे को दो चरणों में बनाया जा रहा है।
इस हाईवे का निर्माण कार्य पूरा होने के बाद वाहन चालकों को यात्रा में समय कम लगेगा। एवं वाहन के कम ईंधन लगने से आर्थिक बचत भी होगी। साथ ही हरियाणा, हिमाचल प्रदेश और पंजाब से गुजरात और मुंबई जाने वाले वाहन चालकों को दिल्ली जाने की आवश्यकता नहीं होगी वे सीधा कोटपूतली से पनियाला बड़ौदा मेव सुपर एक्सप्रेसवे से दिल्ली मुंबई एक्सप्रेस वे पर पहुंच सकते हैं।
यदि सब कुछ योजना के अनुसार चलता है, तो 2026 तक यह हाईवे चालू हो जाएगा। इसके बाद उत्तर भारत के औद्योगिक कॉरिडोर में एक नया अध्याय जुड़ जाएगा। यह न केवल अलवर बल्कि राजस्थान के कई जिलों के लिए विकास की नई राह भी खोलेगा।


