जोनेटा में गूंजे मंशा माता के जयकारे: मंदिर गुम्बद का हुआ मुहूर्त, ढोल-नगाड़ों और डीजे के साथ निकली 3 KM लंबी ध्वज यात्रा
सकट / कोशलेन्द्र दत्तात्रेय। क्षेत्र के जोनेटा गांव की पहाड़ी की तलहटी में स्थित प्रसिद्ध मंशा माता मंदिर परिसर में रविवार को धार्मिक उत्साह और श्रद्धा का माहौल रहा। मंदिर पर नवीन गुम्बद निर्माण का मुहूर्त संपन्न होने के उपलक्ष्य में ग्रामीणों के सहयोग से भव्य सामूहिक ध्वज यात्रा निकाली गई और विशाल भंडारे का आयोजन हुआ।
3 किलोमीटर लंबी यात्रा में उमड़ा जनसैलाब मंदिर महन्त शरद पाराशर एवं भगत रामफूल गुर्जर ने बताया कि ध्वज यात्रा का शुभारंभ प्रातः 8:05 बजे सकट चौथ माता मंदिर में विधिवत ध्वज पूजन के साथ हुआ। डीजे और ढोल-नगाड़ों की मधुर धुनों के बीच हाथों में रंग-बिरंगी ध्वज-पताकाएं थामे श्रद्धालु माता रानी के जयकारे लगाते हुए आगे बढ़े।
यह यात्रा सकट गांव स्थित चतुर्भुज नाथजी, रघुनाथजी, थाई वाले हनुमान जी, सीताराम जी, बांके बिहारी जी, नदी वाले हनुमान जी तथा नारायणपुर गांव के यति महाराज आश्रम की परिक्रमा करते हुए लगभग 3 किलोमीटर का सफर तय कर प्रातः 11:15 बजे मंशा माता मंदिर पहुंची। रास्ते में जगह-जगह ग्रामीणों ने पुष्प वर्षा कर यात्रा का भव्य स्वागत किया।
शिखर पर चढ़ाया ध्वज, भंडारे में श्रद्धालुओं ने पाई प्रसादी मंदिर पहुंचने पर श्रद्धालुओं ने सर्वसम्मति एवं वैदिक मंत्रोच्चार के बीच मंशा माता मंदिर के शिखर पर सामूहिक रूप से ध्वज चढ़ाया। इसके बाद माता रानी की विशेष पूजा-अर्चना कर देश-प्रदेश में खुशहाली की मन्नत मांगी गई।
धार्मिक अनुष्ठान के पश्चात विशाल भंडारे का आयोजन हुआ, जिसमें आसपास के क्षेत्रों से पहुंचे सैकड़ों श्रद्धालुओं ने पंगत में बैठकर प्रसादी ग्रहण की। इस अवसर पर मनोहर लाल शर्मा, दीपक शर्मा, कालू गुर्जर, दिनेश, रायसिंह और मुकेश शर्मा सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण व श्रद्धालु उपस्थित रहे।

