ग्राम खेड़ा सारंगपुरी में मूर्ति प्राण प्रतिष्ठा महोत्सव: विशाल शोभा यात्रा के साथ भव्य शुभारंभ
लक्ष्मणगढ़ (कमलेश जैन) समीपवर्ती ग्राम खेड़ा सारंगपुरी में कच्छावा (नरूका) कुलदेवी मां जमवाय माता, श्री हनुमान जी एवं श्री गणेश जी की मूर्ति प्राण प्रतिष्ठा महोत्सव शनिवार को विशाल कलश यात्रा के साथ शुरू हो गया। धरातल से करीब 650 फीट की ऊंचाई पर पहाड़ी पर निर्मित इस भव्य मंदिर में धार्मिक अनुष्ठानों को लेकर ग्रामीणों में भारी उत्साह देखा जा रहा है।
शनिवार सुबह गांव में गाजे-बाजे और मंगल गीतों के साथ विशाल शोभा यात्रा निकाली गई, जिसमें बड़ी संख्या में महिला श्रद्धालुओं ने सिर पर मंगल कलश धारण कर भाग लिया। पूरा माहौल माता जी और हनुमान जी के जयकारों से गुंजायमान हो उठा।
समाजसेवी विक्रम सिंह नरूका ने बताया कि प्राण प्रतिष्ठा महोत्सव के तहत आगामी 16 जून को प्रातः 7:00 बजे मूर्तियों का नगर भ्रमण व प्राण प्रतिष्ठा का मुख्य कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। इसी दिन रात्रि 9:00 बजे से विशाल भजन संध्या व भव्य रात्रि जागरण होगा।
महोत्सव के अंतिम दिन 17 जून, बुधवार को प्रातः 7:00 बजे वैदिक मंत्रोच्चार के साथ यज्ञ में पूर्ण आहुति दी जाएगी। इसके तुरंत बाद मंदिर परिसर में महाप्रसादी (भंडारे) का आयोजन होगा, जिसमें क्षेत्र के हजारों श्रद्धालुओं के जुटने की संभावना है। मंदिर कमेटी और ग्रामीणों द्वारा कार्यक्रम की तैयारियों को अंतिम रूप दिया जा रहा है।


