राजगढ़ में फ्लैग मार्च: निष्पक्ष व भयमुक्त नगरपालिका चुनाव कराने सड़क पर उतरी पुलिस, कस्बेवासियों से सहयोग की अपील
राजगढ़ (अनिल गुप्ता): आगामी नगरपालिका चुनावों के मद्देनजर क्षेत्र में शांति, कानून व्यवस्था बनाए रखने और भयमुक्त माहौल बनाने के लिए पुलिस प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद नजर आ रहा है। निष्पक्ष और स्वतंत्र मतदान सुनिश्चित करने के उद्देश्य से सोमवार को डीएसपी देशराज कुलदीप एवं थानाधिकारी नेकीराम के संयुक्त नेतृत्व में पुलिस बल ने कस्बे के मुख्य मार्गों से फ्लैग मार्च निकाला।
मेला का चौराहा से शुरू हुआ रूट मार्च
डीएसपी देशराज कुलदीप और थानाधिकारी नेकीराम ने बताया कि फ्लैग मार्च कस्बे के मेला का चौराहा से प्रारंभ हुआ। जवानों का यह दस्ता क्षेत्र के प्रमुख बाज़ारों और मुख्य मार्गों से होते हुए गणेश पोल तक पहुंचा तथा पुनः मेला का चौराहा पर आकर विधिवत संपन्न हुआ।
निर्भीक मतदान और सहयोग की अपील
मार्च के दौरान पुलिस अधिकारियों ने स्थानीय नागरिकों एवं व्यापारियों से संवाद स्थापित कर कानून व्यवस्था बनाए रखने में प्रशासन का सहयोग करने का आह्वान किया। साथ ही आमजन को भरोसा दिलाया कि आगामी नगरपालिका चुनाव में वे बिना किसी डर या दबाव के निर्भीक होकर अपने मताधिकार का प्रयोग करें। फ्लैग मार्च के दौरान भारी संख्या में पुलिस के जवान मुस्तैदी के साथ मौजूद रहे।

