भीषण सड़क हादसा:सड़क किनारे खड़े दूधिया समेत दो लोगों की दर्दनाक मौत, मचा कोहराम
अलवर (अनिल गुप्ता): जिले के मालाखेड़ा थाना क्षेत्र में सोमवार को रफ्तार के कहर ने दो घरों की खुशियां उजाड़ दीं। अहीर के तिबारा और ज्ञानदीप स्कूल के पास एक अनियंत्रित तेज रफ्तार कार ने सड़क किनारे खड़े लोगों को जोरदार टक्कर मार दी। हादसा इतना भयानक था कि दो लोगों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई।
बातचीत के दौरान आई मौत
जानकारी के अनुसार, एक दूधिया रोजाना की तरह दूध निकलवाने आया था और सड़क किनारे खड़े होकर अपने परिचित से बात कर रहा था। इसी दौरान सामने से आ रही एक तेज रफ्तार कार बेकाबू हो गई और सीधे दोनों को रौंदते हुए निकल गई। टक्कर की आवाज सुनकर आसपास के लोग बदहवास होकर दौड़े, लेकिन तब तक दोनों की सांसें थम चुकी थीं।
सड़क पर लगाया जाम, बढ़ा तनाव
दुर्घटना की खबर फैलते ही ग्रामीणों और परिजनों का गुस्सा फूट पड़ा। देखते ही देखते सैकड़ों लोग घटनास्थल पर जमा हो गए और पुलिस-प्रशासन के खिलाफ नाराजगी जताते हुए लक्ष्मणगढ़-मालाखेड़ा मार्ग पर जाम लगा दिया। सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं।
पुलिस ने संभाला मोर्चा
हादसे की सूचना पर मालाखेड़ा थाना पुलिस दलबल के साथ मौके पर पहुंची। पुलिस अधिकारियों ने कड़ी मशक्कत और समझाइश के बाद ग्रामीणों का गुस्सा शांत करवाया तथा यातायात बहाल कराया। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भिजवाया और परिजनों को सौंपकर अज्ञात कार चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

