भरतपुर के 7 निकायों में मतदान दलों का प्रशिक्षण एवं रवानगी कार्यक्रम घोषित; गैर-हाजिर रहने पर होगी कड़ी कार्रवाई
भरतपुर / कौशलेन्द्र दत्तात्रेय
नगरीय निकाय आम चुनाव-2026 के तहत भरतपुर जिले की नगर निगम भरतपुर सहित कुल 7 नगरीय निकायों में निष्पक्ष, स्वतंत्र और पारदर्शी मतदान संपन्न कराने के लिए मतदान दलों के प्रशिक्षण तथा रवानगी का विस्तृत कार्यक्रम तय कर दिया गया है। जिला निर्वाचन अधिकारी कमर चौधरी ने बताया कि संपूर्ण मतदान प्रक्रिया दो अलग-अलग चरणों में संपन्न कराई जाएगी।
प्रथम चरण: भरतपुर, रूपवास व भुसावर में 8 सितंबर को प्रशिक्षण, 9 को मतदान
प्रथम चरण के तहत नगर निगम भरतपुर के 201 मतदान केंद्रों, नगरपालिका रूपवास के 25 और नगरपालिका भुसावर के 25 मतदान केंद्रों के पोलिंग स्टाफ का प्रशिक्षण 08 सितंबर को आयोजित किया जाएगा।
- भरतपुर नगर निगम: राजकीय महिला पॉलिटेक्निक कॉलेज, भरतपुर
- रूपवास नगरपालिका: स्वतंत्रता सेनानी श्री रामचरण लाल गोयल राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय, रूपवास
- भुसावर नगरपालिका: पीएमश्री जगन्नाथ पहाड़िया राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय, भुसावर
प्रथम चरण के मतदान दलों की रवानगी 09 सितंबर को सुबह की जाएगी। 09 सितंबर को ही प्रातः 7 बजे से सायं 6 बजे तक मतदान होगा और मतदान समाप्ति के उपरांत मतदान दलों की वापसी संपन्न होगी।
द्वितीय चरण: नदबई, वैर, बयाना व उच्चैन में 10 को प्रशिक्षण, 11 को मतदान
द्वितीय चरण में शामिल निकायों के मतदान दलों का प्रशिक्षण 10 सितंबर को निम्नलिखित स्थलों पर आयोजित होगा:
- नदबई (35 मतदान केंद्र): महात्मा गांधी राजकीय विद्यालय, नदबई
- वैर (25 मतदान केंद्र): पीएमश्री राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय, वैर
- बयाना (35 मतदान केंद्र): पीएमश्री राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय, बयाना
- उच्चैन (25 मतदान केंद्र): नवीन कार्यालय नगरपालिका, उच्चैन
द्वितीय चरण के मतदान दलों की रवानगी 11 सितंबर को होगी। इसके बाद 11 सितंबर को प्रातः 7 से सायं 6 बजे तक मतदान कराया जाएगा।
प्रशिक्षण में अनिवार्य उपस्थिति के कड़े निर्देश
जिला निर्वाचन अधिकारी ने समय-सारणी जारी करते हुए बताया कि नगर निगम भरतपुर के मतदान दल प्रथम पारी में प्रातः 8 बजे तथा द्वितीय पारी में दोपहर 12 बजे प्रशिक्षण स्थल पर पहुंचेंगे। वहीं अन्य समस्त नगरपालिकाओं के मतदान दल प्रातः 8:30 बजे निर्धारित केंद्रों पर अनिवार्य रूप से उपस्थित होंगे। निर्वाचन कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही या अनुपस्थिति पाए जाने पर संबंधित कार्मिक के विरुद्ध नियमानुसार अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी।

