तखतगढ़ निकाय चुनाव: आज थमेगा प्रचार का शोर, भाजपा ने निकाली बाइक रैली; 11 सितंबर को होगा मतदान
तखतगढ़ (बरकत खान) तखतगढ़ नगर निकाय चुनाव 2026 के लिए प्रचार का दौर आज शाम 6:00 बजे थम जाएगा। प्रचार के अंतिम दिन राजनीतिक दलों ने अपनी पूरी ताकत झोंक दी है। इसी कड़ी में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के तत्वावधान में कस्बे के महाराणा प्रताप चौक से एक विशाल बाइक रैली निकाली गई, जो सभी वार्डों का दौरा करने के बाद पुनः महाराणा प्रताप चौक पर संपन्न हुई।
रैली में पूर्व सांसद पुष्प जैन, चुनाव प्रभारी भारताराम देवासी, निर्वतमान नगरपालिका अध्यक्ष ललित रांकावत, और उपाध्यक्ष मनोज नामा सहित तमाम पदाधिकारी, प्रत्याशी और बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे। बाइक पर सवार होकर कार्यकर्ताओं ने सभी वार्डों में घूम-घूमकर भाजपा प्रत्याशियों के पक्ष में मतदान करने की अपील की।
- कुल 24 वार्डों में होगा मुकाबला
तखतगढ़ नगरपालिका में कुल 25 वार्ड हैं, जिनमें से वार्ड नंबर 22 पर पार्षद पद की सीट निर्विरोध निर्वाचित हो चुकी है। अब शेष 24 वार्डों के लिए 11 सितंबर को मतदान कराया जाएगा। पिछले 10 साल से तखतगढ़ में भाजपा का बोर्ड काबिज है। अपने इस बोर्ड को बरकरार रखने के लिए स्थानीय विधायक एवं मंत्री जोराराम कुमावत पिछले 32 दिनों से लगातार सभी 24 वार्डों में जनसंपर्क कर पार्टी प्रत्याशियों के पक्ष में माहौल बना रहे हैं।
- 87 प्रत्याशी मैदान में, निर्दलीय बिगाड़ सकते हैं समीकरण
इस बार के निकाय चुनाव में कुल 87 उम्मीदवार अपनी किस्मत आजमा रहे हैं। इनमें 24 प्रत्याशी भाजपा के, 23 कांग्रेस के और 40 निर्दलीय उम्मीदवार चुनावी मैदान में हैं। बागी और निर्दलीय प्रत्याशियों की सक्रियता ने दोनों ही प्रमुख दलों (भाजपा और कांग्रेस) के समीकरणों को उलझा दिया है, जिससे मुकाबला काफी रोमांचक हो गया है। शाम 6 बजे प्रचार थमने के बाद अब प्रत्याशी घर-घर संपर्क पर जोर देंगे।

