भरतपुर जिले में नगरीय निकाय चुनाव में 74.58 प्रतिशत औसत मतदान; मतदाताओं ने उत्साह के साथ किया लोकतंत्र के महापर्व में मतदान
भरतपुर, (कौशलेंद्र दत्तात्रेय) नगरीय निकाय आम चुनाव-2026 के तहत बुधवार को भरतपुर नगर निगम तथा नगर पालिका रूपवास एवं भुसावर में मतदान शांतिपूर्ण, स्वतंत्र एवं निष्पक्ष रूप से संपन्न हुआ। तीनों नगरीय निकाय क्षेत्रों में मतदाताओं ने उत्साहपूर्वक मतदान करते हुए लोकतंत्र के महापर्व में अपनी सक्रिय भागीदारी निभाई। चुनाव नियंत्रण कक्ष से प्राप्त जानकारी के अनुसार शाम 6 बजे तक भरतपुर नगर निगम क्षेत्र में 73.13 प्रतिशत, नगर पालिका रूपवास में 88.66 प्रतिशत तथा नगर पालिका भुसावर में 84.11 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया। जिला निर्वाचन अधिकारी कमर चौधरी एवं पुलिस अधीक्षक राजेश कुमार ने अधिकारियों की टीम के साथ पूरे दिन मतदान प्रक्रिया की निगरानी रखी तथा जिले के तीनों नगर निकाय क्षेत्रों से मतदान एवं कानून व्यवस्था संबंधी जानकारी लेते रहे।
समयवार मतदान प्रतिशत-
मतदान केंद्रों पर सुबह से ही मतदाताओं की कतारें देखने को मिलीं तथा लोकतंत्र के इस महापर्व में मतदाताओं ने बढ़-चढ़कर भागीदारी निभाई। जिला निर्वाचन अधिकारी कमर चौधरी ने बताया कि भरतपुर नगर निगम क्षेत्र में कुल 2,11,359 मतदाता हैं। नगर निगम के 65 वार्डों में मतदान शांतिपूर्ण एवं व्यवस्थित रूप से संपन्न हुआ। उपलब्ध समयवार आंकड़ों के अनुसार सुबह 10 बजे तक 20.74 प्रतिशत, दोपहर 1 बजे तक 44.33 प्रतिशत, अपराह्न 3 बजे तक 58.19 प्रतिशत तथा शाम 6 बजे तक कुल 73.13 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया।
इसी प्रकार नगर पालिका रूपवास क्षेत्र में कुल 11,893 मतदाता हैं। यहां 25 वार्डों में मतदाताओं ने उत्साह के साथ मतदान किया। सुबह 10 बजे तक 34.34 प्रतिशत, दोपहर 1 बजे तक 68.11 प्रतिशत, अपराह्न 3 बजे तक 80.63 प्रतिशत तथा शाम 6 बजे तक कुल 88.66 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया। नगर पालिका भुसावर क्षेत्र में कुल 14,800 मतदाता हैं। यहां भी 25 वार्डों में मतदान को लेकर मतदाताओं में खासा उत्साह देखने को मिला। सुबह 10 बजे तक 20.68 प्रतिशत, दोपहर 1 बजे तक 46.61 प्रतिशत, अपराह्न 3 बजे तक 63.91 प्रतिशत तथा शाम 6 बजे तक कुल 84.11 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया।
तीनों नगरीय निकायों में बड़ी संख्या में मतदाताओं ने किया मतदान
जिला निर्वाचन अधिकारी कमर चौधरी ने बताया कि नगरीय निकाय आम चुनाव-2026 के तहत भरतपुर नगर निगम क्षेत्र में कुल 2 लाख 11 हजार 359 मतदाता हैं, जिनमें से 1 लाख 54 हजार 557 मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया।
इसी प्रकार नगर पालिका रूपवास क्षेत्र में कुल 11 हजार 893 मतदाताओं में से 10 हजार 544 मतदाताओं ने मतदान किया। वहीं नगर पालिका भुसावर क्षेत्र में कुल 14 हजार 800 मतदाताओं में से 12 हजार 449 मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। मतदान के दौरान युवाओं, महिलाओं, वरिष्ठ नागरिकों सहित सभी वर्गों के मतदाताओं में विशेष उत्साह देखने को मिला। मतदान केंद्रों पर आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गईं तथा सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए।
शांतिपूर्ण मतदान के लिए जिला निर्वाचन अधिकारी ने जताया आभार-
जिला निर्वाचन अधिकारी कमर चौधरी ने जिले में नगरीय निकाय आम चुनाव-2026 के दौरान भरतपुर नगर निगम तथा नगर पालिका रूपवास एवं भुसावर में शांतिपूर्ण मतदान संपन्न कराने के लिए सभी मतदाताओं, अभ्यर्थियों एवं उनके समर्थकों, राजनीतिक दलों के पदाधिकारियों तथा प्रेस एवं मीडिया प्रतिनिधियों का जिला प्रशासन की ओर से आभार व्यक्त किया। उन्होंने मतदान प्रक्रिया को स्वतंत्र, निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाले स्काउट-गाइड, रोवर्स-रेंजर्स एवं आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं, पुलिस कार्मिकों तथा मतदान व्यवस्थाओं से जुड़े सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों का भी आभार व्यक्त किया। जिला निर्वाचन अधिकारी ने कहा कि सभी के सहयोग एवं सक्रिय सहभागिता से नगरीय निकाय आम चुनाव-2026 का मतदान शांतिपूर्ण, निष्पक्ष एवं सुव्यवस्थित वातावरण में संपन्न हुआ।

