भरतपुर में लोकतंत्र के पर्व पर दिखा उल्लास एवं उत्साह; मतदान केन्द्रों पर सुबह से लगी कतारें; मतदाताओं ने बढ़-चढ़कर किया मतदान
भरतपुर, (कौशलेंद्र दत्तात्रेय) नगरीय निकाय आम चुनाव-2026 के तहत प्रथम चरण में बुधवार को जिले के भरतपुर नगर निगम, नगर पालिका रूपवास एवं नगर पालिका भुसावर में मतदान शांतिपूर्ण एवं निष्पक्ष रूप से सम्पन्न हुआ। लोकतंत्र के महापर्व में मतदाताओं ने उत्साह एवं उल्लास के साथ अपने मताधिकार का प्रयोग किया। मतदान प्रातः 7 बजे से शुरू होकर शाम 6 बजे तक जारी रहा। मतदान केन्द्रों पर सुबह से ही मतदाताओं की कतारें लगना शुरू हो गई थीं, जो दिनभर दिखाई दीं।
जिला निर्वाचन अधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक ने मतदान केन्द्रों का किया निरीक्षण-
जिला निर्वाचन अधिकारी एवं जिला कलक्टर कमर चौधरी ने भरतपुर नगर निगम क्षेत्र के विभिन्न मतदान केन्द्रों का निरीक्षण कर मतदान व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने क्रिटिकल मतदान केन्द्रों पर सुरक्षा व्यवस्था, मतदाताओं के लिए उपलब्ध सुविधाओं एवं मतदान प्रक्रिया के संबंध में अधिकारियों से फीडबैक लिया।
उन्होंने वार्ड संख्या 52 स्थित महात्मा गांधी राजकीय विद्यालय कृष्णा नगर किशनपुरा, वार्ड संख्या 50 के बलभद्र सीनियर सेकेंडरी स्कूल गोविंद नगर, वार्ड संख्या 36 के नेहरू विद्या मंदिर कन्नी गुर्जर चौराहा एवं वार्ड संख्या 41 के अंबेडकर सामुदायिक भवन हाउसिंग बोर्ड स्थित मतदान केन्द्रों का निरीक्षण किया तथा आवश्यक व्यवस्थाओं की जानकारी ली।
जिला पुलिस अधीक्षक राजेश कुमार मीना ने वार्ड संख्या 43 के महाराजा बदन सिंह राजकीय माध्यमिक उच्च विद्यालय तथा बीडीए परिसर, जेके कॉलेज ऑफ साइंस एण्ड रिसर्च टैक्नोलॉजी सहित अन्य मतदान केन्द्रों का निरीक्षण कर शांति एवं कानून व्यवस्था, भीड़ नियंत्रण तथा सुरक्षा व्यवस्थाओं का जायजा लिया। जिला निर्वाचन अधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक ने अधिकारियों की टीम के साथ पूरे दिन मतदान प्रक्रिया की निगरानी रखी तथा जिले के तीनों नगर निकाय क्षेत्रों से मतदान एवं कानून व्यवस्था संबंधी जानकारी लेते रहे।
दिव्यांग मतदाताओं के लिए रही विशेष व्यवस्थाएं-
नगरीय निकाय चुनाव में दिव्यांग मतदाताओं की सुविधा का विशेष ध्यान रखा गया। जिला निर्वाचन अधिकारी के निर्देशन में मतदान केन्द्रों पर रैम्प, सारथी सहित आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई गईं। दिव्यांग मतदाताओं को मतदान केन्द्र तक पहुंचने में सुविधा के लिए ट्राईसाइकिल की व्यवस्था भी की गई।
मतदान केन्द्रों पर स्काउट-गाइड के स्वयंसेवक विद्यार्थी भी मतदाताओं की सहायता के लिए तत्पर रहे और बुजुर्ग एवं दिव्यांग मतदाताओं को आवश्यक सहयोग प्रदान किया।
महिलाओं ने उत्साह के साथ किया मतदान-
नगरीय निकाय चुनाव में महिला मतदाताओं ने भी उत्साहपूर्वक मतदान किया। भरतपुर नगर निगम क्षेत्र में शामिल नए वार्डों के मतदान केन्द्रों पर ग्रामीण क्षेत्र की महिलाओं ने भी बढ़-चढ़कर मतदान में भाग लिया। कई स्थानों पर महिलाएं समूह में मतदान केन्द्र पहुंचीं और अन्य महिलाओं को भी मतदान के लिए प्रेरित किया। भरतपुर नगर निगम के साथ-साथ रूपवास एवं भुसावर नगर पालिका क्षेत्रों में भी महिला मतदाताओं में मतदान को लेकर खासा उत्साह देखने को मिला। मतदाताओं की सुविधा के लिए मतदान केन्द्रों पर सहायता केन्द्र स्थापित किए गए थे, जहां बीएलओ तथा महिला एवं बाल विकास विभाग की आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं ने मतदाताओं को आवश्यक जानकारी एवं सहयोग उपलब्ध कराया।
बुजुर्गों के साथ नए मतदाताओं में भी दिखा उत्साह-
मतदान के दौरान पहली बार मतदान करने वाले युवा मतदाताओं में भी खासा उत्साह दिखाई दिया। वहीं बुजुर्ग मतदाताओं ने भी लोकतंत्र के इस पर्व में सक्रिय भागीदारी निभाई। पंडित मेवाराम राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय के वार्ड संख्या 44 पर शत वर्षीय कमलसिंह दायमा अपने परिजनों के साथ मतदान केन्द्र पहुंचे और अपने मताधिकार का प्रयोग किया। इसी प्रकार 90 वर्षीय महिला जरीना ने भी नगर निगम भरतपुर क्षेत्र स्थित वार्ड संख्या 36 में बूथ संख्या 110 पर पहुंचकर मतदान किया। इस प्रकार जिले के तीनों नगरीय निकाय क्षेत्रों में मतदाताओं ने लोकतंत्र के महापर्व में उत्साहपूर्वक भागीदारी निभाते हुए अपने मताधिकार का प्रयोग किया।

