चिरानिया शिक्षण संस्थान में आयुर्वेद दिवस पर स्वास्थ्य प्रश्नोत्तरी आयोजित
उदयपुरवाटी (सुमेर सिंह राव): निकटवर्ती चिराना कस्बे के चिरानिया शिक्षण संस्थान माध्यमिक विद्यालय में आयुर्वेद दिवस के उपलक्ष्य में स्वास्थ्य प्रश्नोत्तरी एवं जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के मुख्य वक्ता डॉ. राजेंद्र कुमावत ने विद्यार्थियों को स्वास्थ्य संबंधी महत्वपूर्ण जानकारियां दीं और आयुर्वेद की उपयोगिता पर प्रकाश डाला।
डॉ. कुमावत ने बताया कि आयुर्वेद को बढ़ावा देने और पारंपरिक ज्ञान को भविष्य की स्वास्थ्य आवश्यकताओं से जोड़ने के उद्देश्य से सरकार ने 23 सितंबर को आयुर्वेद दिवस मनाने का निर्णय लिया है। उन्होंने आयुर्वेद के त्रिदोष (वात, पित्त, कफ) के सिद्धांत को समझाते हुए कहा कि इनकी साम्यावस्था ही उत्तम स्वास्थ्य की कुंजी है, जबकि असंतुलन से बीमारियां उत्पन्न होती हैं। इस दौरान विद्यार्थियों को दिनचर्या, ऋतुचर्या, आहार-विहार तथा 'हितभुक, मितभुक और रितभुक' (स्वास्थ्यप्रद, संतुलित और ऋतु अनुकूल भोजन) के नियमों से अवगत कराया गया।
इस अवसर पर मानव शरीर और स्वास्थ्य से जुड़े विषयों पर एक रोचक प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता भी आयोजित की गई, जिसमें सही उत्तर देने वाले विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन किया गया। कार्यक्रम में विद्यालय संचालक ओम प्रकाश सैनी, प्रधानाध्यापिका सुनीता सैनी, सरोज सैनी, आशा सैनी, सुरेश सैनी, महेश कुमार और सूरजभान सहित समस्त स्टाफ सदस्य व विद्यार्थी मौजूद रहे।

