नगरीय निकाय चुनाव-2026, अतिरिक्त रिजर्व ईवीएम का प्रथम रेंडमाइजेशन संपन्न; राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों की मौजूदगी में पारदर्शिता के साथ हुई प्रक्रिया
भरतपुर, (कौशलेन्द्र दत्तात्रेय) निकाय चुनाव-2026 को स्वतंत्र, निष्पक्ष, शांतिपूर्ण एवं पारदर्शी तरीके से संपन्न कराने के लिए गुरुवार को जिला कलेक्ट्रेट सभागार में जिला निर्वाचन अधिकारी कमर चौधरी की अध्यक्षता में नगरीय निकाय चुनाव में प्रयुक्त होने वाली अतिरिक्त रिजर्व ईवीएम मशीनों का प्रथम रेंडमाइजेशन संपन्न हुआ। इस दौरान राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों को रेंडमाइजेशन की प्रक्रिया एवं ईवीएम के आवंटन से संबंधित जानकारी दी गई।
जिले की नगरपालिका उच्चैन, बयाना, वैर एवं नदबई के कुल 120 वार्डों एवं 120 मतदान केंद्रों के लिए अतिरिक्त रिजर्व ईवीएम मशीनों का आवंटन रेंडमाइजेशन के माध्यम से किया गया। निर्वाचन आयोग के निर्धारित दिशा-निर्देशों के अनुरूप पूरी प्रक्रिया राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों की मौजूदगी में पारदर्शिता के साथ संपन्न कराई गई।
जिला निर्वाचन अधिकारी कमर चौधरी ने कहा कि 11 सितंबर को होने वाले नगर निकाय चुनाव के लिए पर्याप्त संख्या में ईवीएम मशीनें उपलब्ध कराई जा रही हैं, ताकि मतदान दिवस पर किसी भी मतदान केंद्र पर ईवीएम से संबंधित तकनीकी अथवा अन्य कारणों से मतदान प्रक्रिया प्रभावित नहीं हो। उन्होंने कहा कि निर्वाचन प्रक्रिया को सुचारु बनाए रखने के साथ-साथ मतदाताओं को सहज एवं सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराना प्रशासन की प्राथमिकता है। उन्होंने बताया कि चुनाव के लिए अतिरिक्त रिजर्व ईवीएम के रूप में 45 कंट्रोल यूनिट एवं 49 बैलेट यूनिट उपलब्ध कराई गई हैं।
रेंडमाइजेशन प्रक्रिया के तहत इन मशीनों का आवंटन किया गया, जिनमें निर्वाचन प्रक्रिया में आवश्यकता पड़ने पर उपयोग की जाने वाली आरक्षित ईवीएम भी शामिल हैं। जिला निर्वाचन अधिकारी ने कहा कि ईवीएम का रेंडमाइजेशन निर्वाचन आयोग द्वारा निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार किया जाता है। इसका उद्देश्य निर्वाचन प्रक्रिया में पारदर्शिता बनाए रखना तथा किसी भी स्तर पर मशीनों के आवंटन को लेकर किसी प्रकार की आशंका की संभावना को समाप्त करना है। राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों की उपस्थिति में रेंडमाइजेशन की प्रक्रिया पूरी होने से निर्वाचन प्रक्रिया में विश्वास एवं पारदर्शिता और अधिक मजबूत होती है। उन्होंने कहा कि निष्पक्ष एवं पारदर्शी निर्वाचन के लिए प्रशासन की ओर से सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जा रही हैं। रेंडमाइजेशन प्रक्रिया के दौरान राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों को ईवीएम मशीनों के आवंटन की प्रक्रिया से अवगत कराया गया। उन्होंने बताया कि अतिरिक्त रिजर्व ईवीएम मशीनों का रेंडमाइजेशन निर्धारित प्रक्रिया एवं निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुरूप किया गया है।
इस अवसर पर उप जिला निर्वाचन अधिकारी राजीव शर्मा, उच्चैन, नदबई, वैर एवं बयाना नगर पालिका क्षेत्रों के एआरओ, डीओआईटी उप निदेशक पुष्पेंद्र कुंतल सहित राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि निर्लेप मिश्रा, अवधेश शर्मा, अनिल कुमार, वीरेंद्र सिंह, अर्जुन सिंह, उत्तम सिंह एवं हरिओम गाइड तथा निर्वाचन प्रकोष्ठ के अतिरिक्त प्रशासनिक अधिकारी हेमंत, संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

