महुवा नगरपालिका व पुलिस प्रशासन ने हटाया अस्थाई अतिक्रमण, फल-सब्जी मंडी व्यवस्थित, यातायात सुगम कल भी चलेगा अतिक्रमण हटाओ अभियान

Oct 23, 2026 - 19:04
 0
महुवा नगरपालिका व पुलिस प्रशासन ने हटाया अस्थाई अतिक्रमण, फल-सब्जी मंडी व्यवस्थित, यातायात सुगम कल भी चलेगा अतिक्रमण हटाओ अभियान

नगर पालिका और पुलिस की संयुक्त कार्रवाई: मंडावर रोड, जयपुर-भरतपुर हाईवे और हिंडौन मार्ग पर दुकानों के बाहर से जब्त किया सामान; रेलिंग के पीछे व्यवस्थित करवाए ठेले

 महुवा (दौसा) अवधेश अवस्थी 

महुवा शहर में लंबे समय से हाईवे किनारे और मुख्य मार्गों पर पैर पसार चुके अस्थाई अतिक्रमण के खिलाफ नगर पालिका और पुलिस प्रशासन ने बुधवार को सख्त रुख अपनाया। दोनों विभागों की संयुक्त टीम ने शहर में व्यापक अभियान चलाकर जयपुर-भरतपुर राष्ट्रीय राजमार्ग, महुवा-हिण्डौन स्टेट हाईवे तथा मंडावर रोड से अस्थाई अतिक्रमण को पूरी तरह हटा दिया।

कार्रवाई के दौरान जहां दुकानदारों द्वारा सड़क पर फैलाया गया सामान हटाया व जब्त किया गया, वहीं फल-सब्जी और चाट-पकौड़ी के ठेलों को रेलिंग के पीछे लाइनबद्ध व व्यवस्थित तरीके से लगवाया गया।

सड़कें हुईं चौड़ी, जाम की समस्या से मिली मुक्ति

प्रशासन की इस मुस्तैदी से शहर की सब्जी मंडी और मुख्य सड़कों का स्वरूप पूरी तरह निखर कर सामने आया है। हाईवे पर आए दिन लगने वाले भीषण जाम और अव्यवस्था से मुक्ति मिलने पर आमजन और राहगीरों ने राहत की सांस ली है।

बैठक में बनी थी सहमति, समझाइश के साथ हुई कार्रवाई

कार्रवाई अचानक नहीं हुई, बल्कि एक रणनीति के तहत अंजाम दी गई। नगर पालिका अध्यक्ष विनीत बंसल और प्रशासनिक अधिकारियों ने एक दिन पूर्व पालिका कार्यालय में व्यापारियों के साथ बैठक की थी। बैठक में हाईवे को अतिक्रमण मुक्त बनाने और मंडी को सुव्यवस्थित करने पर आम सहमति बनी थी।

बुधवार को कार्रवाई के दौरान महुवा पालिका अधिशासी अधिकारी (EO) राजेश कुमार मीणा, थानाधिकारी महेंद्र यादव, पालिका अध्यक्ष विनीत बंसल तथा सफाई निरीक्षक राम लखन गुर्जर भारी पुलिस व पालिका जाब्ते के साथ मौके पर मौजूद रहे। अधिकारियों ने दुकानदारों और ठेला-व्यवसायियों से बातचीत कर समझाइश की, जिसके बाद कई व्यापारियों ने स्वेच्छा से अपने ठेले और सामान पीछे हटा लिए।

यातायात होगा सुगम, सफाई व्यवस्था को मिलेगी मजबूती

अधिकारियों ने बताया कि इस कार्रवाई से यातायात सुगम होने के साथ-साथ हादसों पर भी अंकुश लगेगा। ठेले एक कतार में लगने से सब्जी-फल खरीदने आने वाले ग्राहकों को सहूलियत होगी। साथ ही, सड़कों पर कचरा न फैलने से पालिका की सफाई व्यवस्था भी सुदृढ़ होगी।

मुख्य बाजार में भी चलेगा हंटर: EO राजेश कुमार मीणा

"यह अभियान महज एक दिन की कार्रवाई नहीं है, बल्कि लगातार जारी रहेगा। शहर के मुख्य बाजार, जयपुर रोड, बस स्टैंड, हिंडौन रोड, मंडावर रोड और भरतपुर रोड पर भी जल्द ही अस्थाई अतिक्रमण हटाया जाएगा। सभी व्यापारी प्रशासन का सहयोग करें और अपनी दुकानों के बाहर अतिक्रमण न करें, अन्यथा सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।"

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow

एक्सप्रेस न्यूज़ डेस्क बुलंद आवाज के साथ निष्पक्ष व निर्भीक खबरे... आपको न्याय दिलाने के लिए आपकी आवाज बनेगी कलम की धार... आप भी अपने आस-पास घटित कोई भी सामाजिक घटना, राजनीतिक खबर हमे हमारी ई मेल आईडी [email protected] या वाट्सएप न 8094612000 पर भेज सकते है हम हर सम्भव प्रयास करेंगे आपकी खबर हमारे न्यूज पोर्टल पर साझा करें। हमारे चैनल GEXPRESSNEWS से जुड़े रहने के लिए धन्यवाद................