पंचायतीराज चुनाव-2026: ट्रेनिंग से गायब रहे 13 कार्मिकों पर गिरी गाज, जिला निर्वाचन अधिकारी ने थमाया नोटिस
चुनावी ड्यूटी में लापरवाही बर्दाश्त नहीं: 7 रिटर्निंग और 6 पीठासीन अधिकारियों से जवाब-तलब; अनुपस्थित अधिकारियों की दोबारा होगी ट्रेनिंग
खैरथल / हीरालाल भूरानी
पंचायतीराज आम चुनाव-2026 की तैयारियों के बीच चुनावी ड्यूटी में बरती जा रही लापरवाही पर प्रशासन ने कड़ा रुख अपनाया है। चुनाव के सफल और निष्पक्ष संचालन के लिए आयोजित रिटर्निंग अधिकारी (RO) एवं पीठासीन अधिकारी (PRO) प्रशिक्षण शिविर में गैर-हाजिर रहना 13 कार्मिकों को भारी पड़ गया है। जिला निर्वाचन अधिकारी अतुल प्रकाश के सख्त निर्देशों पर अनुपस्थित रहे सभी 13 कार्मिकों को कारण बताओ नोटिस जारी किए गए हैं।
7 RO और 6 PRO पर एक्शन
मिली जानकारी के अनुसार, नोटिस पाने वालों में 7 रिटर्निंग अधिकारी और 6 पीठासीन अधिकारी शामिल हैं। जिला निर्वाचन अधिकारी ने अनुपस्थित रहे रिटर्निंग अधिकारियों के लिए पुनः प्रशिक्षण की तिथि निर्धारित करते हुए उन्हें दोबारा ट्रेनिंग देने के कड़े निर्देश जारी किए हैं, ताकि चुनावी प्रक्रिया में किसी तरह की तकनीकी या व्यावहारिक चूक न हो।
चुनावी प्रक्रिया को हल्के में न लें कार्मिक: अतुल प्रकाश
जिला निर्वाचन अधिकारी अतुल प्रकाश ने सख्त हिदायत देते हुए कहा कि निर्वाचन कार्य से जुड़े सभी अधिकारी एवं कर्मचारी प्रशिक्षण को पूरी गंभीरता से लें। चुनाव संबंधी अपने दायित्वों, नियमों और प्रक्रियाओं की संपूर्ण जानकारी होना बेहद जरूरी है।
निष्पक्ष और शांतिपूर्ण चुनाव प्राथमिकता
प्रशासन ने साफ कर दिया है कि पंचायतीराज चुनाव-2026 को शांतिपूर्ण, निष्पक्ष और सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने में हर कार्मिक की भूमिका अहम है। जिला निर्वाचन अधिकारी ने निर्देश दिए कि सभी अधिकारी-कर्मचारी अपनी जिम्मेदारियों का निष्ठापूर्वक निर्वहन करें। निर्वाचन जैसे अति-संवेदनशील कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही या कोताही कतई बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

