नाग चौक बायोसा गरबा मित्र मंडल ने कांग्रेस नेताओं एवं पार्षदों का किया बहुमान
तखतगढ़ (बरकत खान) नाग चौक स्थित बायोसा मंदिर परिसर में नवरात्रि पर्व के दौरान गरबा मित्र मंडल द्वारा आयोजित गरबा महोत्सव एवं विभिन्न धार्मिक कार्यक्रमों के सफल और शांतिपूर्ण आयोजन के उपलक्ष्य में एक विशेष सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। इस दौरान क्षेत्र के कांग्रेस नेताओं, जनप्रतिनिधियों और पार्टी पदाधिकारियों का भव्य बहुमान किया गया।
कार्यक्रम में उपस्थित अतिथियों का भोपाजी कांतिलाल एवं सुकी देवी माली द्वारा कुमकुम का तिलक लगाकर, साफा बंधाकर और माला पहनाकर गर्मजोशी से स्वागत-अभिनंदन किया गया।
समारोह में प्रमुख रूप से विधानसभा क्षेत्र के कांग्रेस प्रत्याशी हरिशंकर मेवाड़ा, प्रदेश कांग्रेस सचिव एवं पालिका पार्षद अनराज मेवाड़ा, पूर्व नगर अध्यक्ष एवं पार्षद भंवर मीना, नगर कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष फुटरमल, युवा कांग्रेस नगर अध्यक्ष संजय कुमार सरगरा, महिला कांग्रेस अध्यक्ष सरस्वती देवी, पार्षद प्रमिला सरगरा, मोनिका राणा, सूरज वाल्मीकि एवं अतकी सहित नारायण राणा, पारस भाई जैन, पदम नाथ, कैलाश चौधरी और मंसाराम माली का माला व साफा पहनाकर स्वागत किया गया।
- सामाजिक एकता और भाईचारे पर जोर
इस अवसर पर कांग्रेस के नवनिर्वाचित पार्षदों और पार्टी पदाधिकारियों ने नवरात्रि के दौरान शांतिपूर्ण व सौहार्दपूर्ण वातावरण में गरबा महोत्सव संपन्न करवाने के लिए गरबा मित्र मंडल के सभी सदस्यों का आभार व्यक्त किया। वक्ताओं ने कहा कि इस तरह के धार्मिक और सांस्कृतिक आयोजन समाज में आपसी प्रेम, भाईचारे और सामाजिक समरसता को मजबूत बनाते हैं, साथ ही हमारी प्राचीन संस्कृति को भी जीवित रखते हैं।
कांग्रेस नेताओं ने गरबा मित्र मंडल को भविष्य में भी ऐसे धार्मिक, सांस्कृतिक व सामाजिक आयोजनों के लिए हरसंभव सहयोग प्रदान करने का पूर्ण भरोसा दिलाया। साथ ही, उन्होंने सभी आयोजकों को सफल आयोजन की बधाई देते हुए क्षेत्र में आपसी सद्भाव बनाए रखने का संदेश दिया।
कार्यक्रम के दौरान थानदास वैष्णव, मोहनलाल माली, वक्ताराम तरीगर, सुकी देवी माली, सुरेश मीणा, मीठालाल मीणा, जेठाराम सरगरा सहित बड़ी संख्या में स्थानीय ग्रामीण और गरबा मित्र मंडल के सदस्य उपस्थित रहे।

