तखतगढ़ में 12वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस सामूहिक योगाभ्यास में उमड़ी भारी जनभागीदारी, नागरिकों को दिलाया नियमित योग और स्वच्छता का संकल्प
तखतगढ़ (बरकत खान) 12वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर तखतगढ़ नगरपालिका मंडल द्वारा राजकीय संघवी केसरी उच्च माध्यमिक विद्यालय परिसर में भव्य सामूहिक योगाभ्यास कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में नगर के जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, कर्मचारियों, महिलाओं एवं बड़ी संख्या में नगरवासियों ने भाग लेकर योग के प्रति अपनी जागरूकता का परिचय दिया।
21 जून 2026 को प्रातः 6 बजे आयोजित कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती के पूजन एवं वंदना के साथ हुआ। विद्यालय परिसर में आयोजित इस कार्यक्रम में नगर पालिका के अधिकारी-कर्मचारी, गणमान्य नागरिक, मातृशक्ति, बहन-बेटियां, युवा वर्ग तथा मनरेगा से जुड़ी महिलाओं ने उत्साहपूर्वक सहभागिता निभाई।
योग शिक्षक भावेश सुथार एवं अन्य प्रशिक्षकों ने उपस्थित लोगों को विभिन्न योगासन, प्राणायाम एवं ध्यान की विधियों का अभ्यास करवाया। योग के महत्व पर प्रकाश डालते हुए बताया गया कि नियमित योगाभ्यास से शारीरिक, मानसिक एवं आध्यात्मिक स्वास्थ्य सुदृढ़ होता है तथा व्यक्ति स्वस्थ एवं संतुलित जीवन जी सकता है।
कार्यक्रम के दौरान एलईडी स्क्रीन के माध्यम से राष्ट्रीय स्तर पर आयोजित अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस समारोह का सीधा प्रसारण भी दिखाया गया। प्रतिभागियों ने योग की विभिन्न मुद्राओं एवं उनके स्वास्थ्य लाभों की जानकारी प्राप्त की तथा उत्साह के साथ योगाभ्यास किया।
भाजपा तखतगढ़ प्रभारी दिनेश मीणा एवं ललित मेघवाल सहित अनेक जनप्रतिनिधियों ने कार्यक्रम में भाग लेते हुए नागरिकों से योग को दैनिक जीवन का अभिन्न अंग बनाने का आह्वान किया। नगर पालिका के सहायक प्रशासनिक अधिकारी रतन सांखला, गजेंद्र सिंह तंवर एवं अन्य कर्मचारियों की भी उल्लेखनीय उपस्थिति रही।
वक्ताओं ने कहा कि योग भारत की प्राचीन एवं अमूल्य सांस्कृतिक धरोहर है, जो शरीर, मन एवं आत्मा के बीच संतुलन स्थापित कर स्वस्थ जीवन का मार्ग प्रशस्त करती है। नियमित योगाभ्यास से रोग प्रतिरोधक क्षमता बढ़ती है, मानसिक शांति मिलती है तथा जीवन में सकारात्मक ऊर्जा का संचार होता है।
कार्यक्रम के समापन पर उपस्थित सभी लोगों को नियमित योग करने, स्वच्छता बनाए रखने, पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक रहने तथा जनहित कार्यों में सहयोग देने की शपथ दिलाई गई। उत्साह, अनुशासन एवं व्यापक जनभागीदारी के साथ कार्यक्रम सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।


