रूपबास में उप जिला चिकित्सालय के भूमि आवंटन को लेकर गरमाई सियासत, दूसरे दिन भी जारी रहा धरना

Oct 24, 2026 - 19:21
 0
रूपबास में उप जिला चिकित्सालय के भूमि आवंटन को लेकर गरमाई सियासत, दूसरे दिन भी जारी रहा धरना

रूपबास (भरतपुर) कोशलेन्द्र दत्तात्रेय 

रूपबास शहर के लिए स्वीकृत उप जिला चिकित्सालय के लिए ग्राम पंचायत चौकोरा के गांव देवियां के नगला में 5 किलोमीटर दूर भूमि आवंटित किए जाने का विरोध लगातार तूल पकड़ता जा रहा है। आवंटन के विरोध में अखिल राजस्थान जन विकास मंच के प्रदेश अध्यक्ष व सामाजिक कार्यकर्ता हरिशंकर शर्मा की अध्यक्षता में उपखंड कार्यालय के समक्ष चल रहा धरना दूसरे दिन भी जारी रहा, जहाँ जनता ने जोरदार विरोध प्रदर्शन कर इस निर्णय को तुरंत वापस लेने की मांग की।

 "शहर से 5 किमी दूर भूमि आवंटन जनता के साथ अन्याय"

धरने को संबोधित करते हुए संघर्ष समिति के संयोजक एवं पार्षद धीरज शुक्ला एडवोकेट ने कहा कि क्षेत्र की जनता रूपबास के लिए उप जिला चिकित्सालय स्वीकृत किए जाने पर राज्य सरकार का आभार व्यक्त करती है, लेकिन कुछ जनप्रतिनिधियों और भूमाफियाओं के इशारे पर शहर से 5 किलोमीटर दूर ग्राम पंचायत चौकोरा के नगला देवियां में भूमि का आवंटन कर शहर की जनता के साथ सीधा अन्याय किया गया है।

उन्होंने बताया कि नगर पालिका क्षेत्र के अंतर्गत भिडायानी क्षेत्र में 195.12 बिस्वा सरकारी जमीन पहले से उपलब्ध है, जो नेशनल हाईवे से मात्र 500 मीटर की दूरी पर है। सरकार को चाहिए कि वह चौकोरा में किया गया भूमि आवंटन तत्काल निरस्त कर यह भूमि भिडायानी में आवंटित करे।

 आम जनता और व्यापारियों को होगी भारी परेशानी

मंच के प्रदेश अध्यक्ष हरिशंकर शर्मा ने रोष व्यक्त करते हुए कहा कि जब मुख्य शहर के पास भिडायानी में जमीन उपलब्ध है, तो 5 किलोमीटर दूर और आवागमन के साधनों से वंचित नगला देवियां में अस्पताल के लिए भूमि का कोई औचित्य नहीं बनता। इतनी दूरी और परिवहन साधनों के अभाव में आम जनता को इस स्वास्थ्य सेवा का वास्तविक लाभ नहीं मिल पाएगा, साथ ही स्थानीय व्यापारी वर्ग का व्यापार भी इससे बुरी तरह प्रभावित होगा।

मंच के सहसंयोजक अरुण परमार ने चेतावनी देते हुए कहा कि जब तक सरकार हमारी यह न्यायसंगत मांग नहीं मानती, तब तक धरना-प्रदर्शन लगातार जारी रहेगा। सोमवार को संघर्ष समिति की बैठक में एक कठोर निर्णय लेकर आगे की उग्र रणनीति की घोषणा की जाएगी।

 प्रमुख वक्ताओं ने दी चेतावनी

इस अवसर पर मुकेश कटारा (समाजसेवी), योगेश वरुण, पार्षद प्रतिनिधि सतीश सिंघल, शिक्षाविद ओमकार शुक्ला, शुभम भारद्वाज, प्रताप दत्तात्रेय, विशाल कौशल, पार्षद प्रतिनिधि संजय बुटोलिया, पार्षद गोविंद सिंह परमार, कृष्ण गोपाल दत्तात्रेय बंटी, रामभरोसी खितौलिया, मनोज कुमार गौड़, प्रशांत बंसल और राजेश गोयल सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

वक्ताओं ने एक स्वर में चेताया कि यदि समय रहते यह भूमि आवंटन नहीं बदला गया, तो आने वाले समय में रूपबास का विकास अंधकारमय हो जाएगा और आम जनता को इसका भारी खामियाजा भुगतना पड़ेगा।

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow

एक्सप्रेस न्यूज़ डेस्क बुलंद आवाज के साथ निष्पक्ष व निर्भीक खबरे... आपको न्याय दिलाने के लिए आपकी आवाज बनेगी कलम की धार... आप भी अपने आस-पास घटित कोई भी सामाजिक घटना, राजनीतिक खबर हमे हमारी ई मेल आईडी [email protected] या वाट्सएप न 8094612000 पर भेज सकते है हम हर सम्भव प्रयास करेंगे आपकी खबर हमारे न्यूज पोर्टल पर साझा करें। हमारे चैनल GEXPRESSNEWS से जुड़े रहने के लिए धन्यवाद................