मकराना :मनोज जांगिड़ बने विश्वकर्मा एजुकेशन ट्रस्ट के जिला प्रभारी
मकराना (मोहम्मद शहजाद)। विश्वकर्मा एजुकेशन ट्रस्ट, दिल्ली के राष्ट्रीय प्रधान लादूराम जांगिड़ के मकराना आगमन पर आयोजित भव्य स्वागत समारोह में मनोज जांगिड़ जूसरी को डीडवाना-कुचामन का जिला प्रभारी मनोनीत किया गया। उनकी इस नियुक्ति पर उपस्थित समाजबंधुओं व गणमान्य नागरिकों ने हर्ष व्यक्त करते हुए उनका साफा व माला पहनाकर अभिनंदन किया। शहर के बोरावड़ रोड स्थित वेलकम सिनेमा हॉल में आयोजित इस कार्यक्रम को संबोधित करते हुए वक्ताओं ने कहा कि विश्वकर्मा एजुकेशन ट्रस्ट लंबे समय से निर्धन एवं जरूरतमंद प्रतिभावान विद्यार्थियों को छात्रवृत्ति प्रदान कर शिक्षा के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान दे रहा है। मनोज जांगिड़ को जिला प्रभारी की जिम्मेदारी मिलने से जिले भर में ट्रस्ट की गतिविधियों का विस्तार होगा और ग्रामीण व दूरदराज के क्षेत्रों के पात्र विद्यार्थियों तक ट्रस्ट की शैक्षिक सहायता योजनाएं प्रभावी ढंग से पहुंच सकेंगी। इस अवसर पर अखिल भारतीय जांगिड़ ब्राह्मण महासभा के वरिष्ठ पदाधिकारियों सहित समाज के अनेक प्रबुद्धजन, युवा व गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। सभी ने नवनियुक्त जिला प्रभारी को शुभकामनाएं देते हुए ट्रस्ट के उद्देश्यों को आगे बढ़ाने का संकल्प लिया।

