डीग रेलवे स्टेशन पर महाराजा सूरजमल की भव्य प्रतिमा लगाने की मांग
युवा मोर्चा के पूर्व जिला उपाध्यक्ष गिरीश शर्मा के नेतृत्व में प्रतिनिधिमंडल ने डीआरएम के नाम स्टेशन मास्टर को सौंपा ज्ञापन, प्रतिमा के साथ जीवन परिचय का शिलालेख लगाने की भी मांग
डीग / नीरज जैन /24 अक्टूबर। जलमहलों की नगरी डीग के रेलवे स्टेशन पर भरतपुर रियासत के संस्थापक महाराजा सूरजमल की भव्य प्रतिमा स्थापित करने की मांग उठी है। भारतीय जनता युवा मोर्चा के पूर्व जिला उपाध्यक्ष गिरीश शर्मा के नेतृत्व में प्रतिनिधिमंडल ने उत्तर मध्य रेलवे, आगरा मंडल के डीआरएम के नाम स्टेशन मास्टर को ज्ञापन सौंपकर प्रतिमा स्थापित कराने की मांग की।
ज्ञापन में कहा गया कि डीग ऐतिहासिक और सांस्कृतिक दृष्टि से महत्वपूर्ण स्थान है। इसका गौरवशाली इतिहास महान वीर योद्धा, कुशल शासक और भरतपुर रियासत के संस्थापक महाराजा सूरजमल के शौर्य, पराक्रम, दूरदर्शिता एवं जनकल्याणकारी कार्यों से जुड़ा है। महाराजा सूरजमल ने अपने अदम्य साहस, वीरता और कुशल नेतृत्व से राजस्थान ही नहीं, बल्कि देश के इतिहास में विशिष्ट स्थान बनाया।
प्रतिनिधिमंडल ने कहा कि महाराजा सूरजमल का जीवन और उनका योगदान आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणास्रोत है। ऐसे में डीग रेलवे स्टेशन पर उनकी भव्य प्रतिमा स्थापित होने से स्थानीय लोगों के साथ यहां आने वाले यात्रियों को भी क्षेत्र के गौरवशाली इतिहास से परिचित होने का अवसर मिलेगा।
ज्ञापन में प्रतिमा के समीप महाराजा सूरजमल के जीवन परिचय, शौर्य और ऐतिहासिक योगदान को दर्शाने वाला शिलालेख स्थापित करने की मांग भी की गई, ताकि भावी पीढ़ियां उनके व्यक्तित्व और कृतित्व से प्रेरणा ले सकें।
इस दौरान विजय अरोड़ा, पुष्कर शर्मा, रौनक, हीरालाल प्रजापति सहित अन्य लोग मौजूद रहे।

