डीग में वायु प्रदूषण पर नकेल: ग्रेप-1 लागू, पुराने और बिना पीयूसी वाहनों पर होगी सख्त कार्रवाई, जाम से निपटने के भी निर्देश
डीग (24 अक्टूबर) नीरज जैन
बढ़ते वायु प्रदूषण पर नियंत्रण पाने के लिए डीग जिले में ग्रेडेड रिस्पांस एक्शन प्लान (GRAP) का प्रथम चरण लागू कर दिया गया है। इसके तहत निर्माण स्थलों पर धूल रोकने के लिए पानी का छिड़काव, कचरे का वैज्ञानिक निस्तारण और पुराने-बिना पीयूसी (PUC) वाहनों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। जिला कलेक्टर मयंक मनीष ने शुक्रवार को कलेक्ट्रेट सभागार में संबंधित विभागों के अधिकारियों की उच्चस्तरीय बैठक लेकर प्रदूषण नियंत्रण के उपायों की समीक्षा की और सख्त निर्देश दिए।
एनसीआर क्षेत्र में 21 अक्टूबर से लागू है 'ग्रेप-1'
प्रदूषण नियंत्रण मंडल, भरतपुर के क्षेत्रीय अधिकारी उ उमेश कुमार ने बैठक में जानकारी दी कि राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र (NCR) के साथ-साथ डीग जिले में भी 21 अक्टूबर से ग्रेप-1 लागू कर दिया गया है।
-
वायु गुणवत्ता सूचकांक (AQI) 200 से 300 होने पर ग्रेप-1, 300 से 400 पर ग्रेप-2, 400 से 450 पर ग्रेप-3 और 450 से अधिक होने पर ग्रेप-4 के प्रावधान लागू किए जाते हैं।
पुराने वाहनों और बिना PUC वालों पर शिकंजा
कलेक्टर मयंक मनीष ने वायु प्रदूषण को कम करने के लिए कड़े कदम उठाने के निर्देश दिए हैं:
-
वाहनों पर कार्रवाई: प्रदूषण फैलाने वाले पुराने पेट्रोल-डीजल वाहनों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। इसके साथ ही, वैध प्रदूषण नियंत्रण प्रमाणपत्र (PUC) के बिना चल रहे वाहनों की सूची तैयार कर परिवहन विभाग को सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं।
-
निर्माण और कचरा प्रबंधन: निर्माण व ध्वस्तीकरण (Demolition) स्थलों पर उड़ने वाली धूल को रोकने के लिए नियमित रूप से पानी का छिड़काव सुनिश्चित किया जाए। नगर परिषद को यह सख्त निर्देश दिए गए हैं कि कचरा केवल निर्धारित स्थलों पर ही डाला जाए और उसका वैज्ञानिक तरीके से निस्तारण हो, नियमों का उल्लंघन करने वालों पर तुरंत कार्रवाई हो।
-
स्वच्छ ईंधन और बिजली: जेवीवीएनएल को क्षेत्र में बिजली कटौती कम रखने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि लोग जनरेटर आदि का कम से कम इस्तेमाल करें। इसके अलावा, कोयले और लकड़ी के उपयोग के बजाय गैस व बिजली जैसे स्वच्छ ईंधन के प्रयोग को बढ़ावा देने पर जोर दिया गया है।
लक्ष्मण मंदिर और कोशी चौराहे पर जाम से मिलेगी राहत
प्रदूषण नियंत्रण के साथ-साथ शहर की यातायात व्यवस्था को सुधारने पर भी विशेष ध्यान दिया गया है। कलेक्टर ने शहर के व्यस्त इलाकों—लक्ष्मण मंदिर क्षेत्र और कोशी चौराहे पर लगने वाले ट्रैफिक जाम की समस्या का स्थायी समाधान करने के लिए यातायात पुलिस और नगर परिषद को संयुक्त रूप से प्रभावी कदम उठाने के निर्देश दिए हैं।
इस महत्वपूर्ण बैठक में अधीक्षण अभियंता जेवीवीएनएल बनवारी लाल वर्मा, नगर परिषद आयुक्त कुलदीप सिंह, जिला परिवहन अधिकारी राधेश्याम शर्मा सहित विभिन्न विभागों के प्रमुख अधिकारी मौजूद रहे।

