कांग्रेस के नवनियुक्त जिलाध्यक्ष हंसराज मीणा उदपुरिया सैकडों कांग्रेसजनों के साथ पहुंचे भाया का आभार जताने
अंता (शफीक मंसूरी) बारां भारतीय कांग्रेस कमेटी नई दिल्ली द्वारा हाल ही में जारी कांग्रेस जिलाध्यक्ष की सूची में बारां जिलाध्यक्ष पद पर हंसराज मीणा उदपुरिया को काबिज किया गया है। मीणा आज अपने सैकडों समर्थकों के साथ प्रमोद जैन भाया का आभार जताने के लिए बारां पहुंचे। रामस्वरूप बैरवा कांग्रेस ब्लॉक अध्यक्ष मांगरोल ने जानकारी देते हुए बताया कि कांग्रेस के नवनियुक्त जिलाध्यक्ष हंसराज मीणा उन्हें कांग्रेस जिलाध्यक्ष घोषित किए जाने के उपरान्त कांग्रेसजनों का आभार जता रहे है।
आज नवनियुक्त जिलाध्यक्ष हंसराज मीणा उदपुरिया सैकडों कांग्रेसजनों के साथ पूर्व केबिनेट मंत्री एवं अन्ता विधायक प्रमोद जैन भाया के आवास पर पहुंचे जहां पर उनके द्वारा प्रमोद जैन भाया का आभार व्यक्त किया गया। इस दौरान अंता विधायक प्रमोद जैन भाया एवं जिला प्रमुख उर्मिला जैन भाया द्वारा नवनियुक्त कांग्रेस जिलाध्यक्ष का फूल मालाओं तथा मिठाई खिलाकर मुंह मीठा करवाते हुए उन्हें
कांग्रेस जिलाध्यक्ष बनाए जाने पर हार्दिक शुभकामनाएं दी। भाया द्वारा जिलाध्यक्ष हंसराज मीणा के साथ पधारे हुए सैकडों कांग्रेसजनों का भी मुंह मीठा करवाते हुए मिठाई का वितरण किया गया। प्रमोद जैन भाया द्वारा कांग्रेस जिलाध्यक्ष पद पर हंसराज मीणा को नियुक्त किए जाने पर शीर्ष नेतृत्व का आभार व्यक्त करते हुए जिलाध्यक्ष को सभी को साथ लेकर कार्य करने का आव्हान किया।
इस अवसर पर नवनियुक्त कांग्रेस जिलाध्यक्ष हंसराज मीणा उदपुरिया ने कहा कि कांग्रेस संगठन द्वारा उन पर जो विष्वास व्यक्त कर उन्हें कांग्रेस जिलाध्यक्ष पद की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी गई है उस पर सभी को साथ लेकर खरा उतरने का पूर्ण प्रयास करेंगे तथा कांग्रेस पार्टी एवं किसान, व्यापारी, युवा तथा आमजन के हितों को लेकर सदैव संघर्षरत रहेंगे। मीणा ने कहा कि कांग्रेस शासन के दौरान प्रमोद जैन भाया के कार्यकाल में स्वीकृत विकास के कार्यों को चालू तथा पूर्ण करवाने के लिए सरकार एवं प्रषासन पर दबाव बनाएंगे।


