किसी अनजान लिंक को क्लिक ना करे और ना बैंक संबंधी जानकारी करे साझा - अमर सिंह
पुलिस ने साइबर जागरूकता अभियान के तहत छात्राओं-छात्रों को बताए सुरक्षित इंटरनेट उपयोग के उपाय
डीग (नीरज जैन) साइबर अपराध जागरूकता अभियान के तहत थाना कोतवाली पुलिस ने शहर के महात्मा गांधी राजकीय अंग्रेजी माध्यम उच्च माध्यमिक विद्यालय में विद्यार्थियों को साइबर सुरक्षा संबंधी महत्वपूर्ण जानकारीया दी गई साथ ही यातायात नियमों के बारे में भी जागरूक किया गया। कार्यक्रम में कक्षा 9 से 12 तक के विद्यार्थियों ने भाग लिया।
उप निरीक्षक अमर सिंह गुर्जर ने टीवीविद्यार्थियों को बताया कि आजकल ठग विदेशी कॉल, लालच भरे संदेश, फर्जी लिंक और खुद को पुलिस या बैंक अधिकारी बताकर लोगों को धमकाने जैसी तरकीबें अपनाते हैं। उन्होंने समझाया कि किसी भी अनजान लिंक पर क्लिक न करें, ओटीपी या बैंक संबंधी जानकारी किसी के साथ साझा न करें और संदिग्ध कॉल या संदेश मिलने पर तुरंत सावधान रहें।
उन्होंने साइबर ठगी की स्थिति में तुरंत राष्ट्रीय हेल्पलाइन नंबर 1930 पर कॉल करने की सलाह दी, ताकि समय रहते कार्रवाई हो सके और नुकसान से बचा जा सके। साथ ही उन्होंने ‘सिटीजन ऐप’ के उपयोग की जानकारी देते हुए बताया कि इसके माध्यम से भी लोग शिकायत दर्ज कर सकते हैं।
कार्यक्रम के दौरान पुलिस द्वारा सड़क सुरक्षा पर भी जोर दिया गया। विद्यार्थियों को हेलमेट और सीट बेल्ट पहनकर वाहन चलाने की सलाह दी गई तथा यातायात नियमों का पालन करने के लिए प्रेरित किया गया।
विद्यालय प्रशासन ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे कार्यक्रमों से छात्रों में जागरूकता बढ़ती है और वे स्वयं भी सुरक्षित रहते हैं तथा दूसरों को भी जागरूक कर सकते हैं।


