जुरहरा पुलिस की बड़ी कार्रवाई: 'ऑपरेशन एंटीवायरस 2.0' के तहत 04 शातिर साइबर ठग गिरफ्तार, 3 मोबाइल और 4 सिमकार्ड बरामद
यह कार्रवाई जिला पुलिस अधीक्षक शरण कंबले के निर्देश पर साइबर ठगी पर नकेल कसने के लिए चलाए जा रहे 'ऑपरेशन एंटीवायरस 2.0' के तहत की गई। पुलिस को सूचना मिली थी कि जुरहरा से सहसन की ओर जाने वाले रास्ते पर पनीर फैक्ट्री के पास नहर की पटरी पर कुछ लोग बैठकर ठगी कर रहे हैं।
सूचना मिलते ही जुरहरा पुलिस मौके पर पहुंची। वहां पांच लोग मोबाइल के जरिए ठगी करते पाए गए। पुलिस ने घेराबंदी कर चार आरोपियों को पकड़ लिया, जबकि एक व्यक्ति घने अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया।
गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान सहसन निवासी साहिल पुत्र इकबाल, खैरावा निवासी मोमिन पुत्र अयूब, परेही निवासी रिजवान पुत्र फजरुद्दीन और खैरावा निवासी मुफीद पुत्र शरीफ के रूप में हुई है। ये सभी जुरहरा थाना क्षेत्र के रहने वाले हैं।
पुलिस ने बताया कि ये साइबर ठग सोशल मीडिया पर एचडीएफसी बैंक में बिना शर्त लोन दिलाने का विज्ञापन डालते थे। वे रजिस्ट्रेशन फीस के नाम पर लोगों से फर्जी खातों में पैसे डलवाकर ठगी करते थे।
इसके अलावा, वे सोशल मीडिया पर एप्पल कंपनी के फोन सस्ते दामों में बेचने के विज्ञापन भी डालते थे। आम लोगों से संपर्क कर एडवांस में पैसे लेकर भोले-भाले लोगों को अपना निशाना बनाते थे। पुलिस ने बताया कि ये ठग 20 प्रतिशत कमीशन पर अपने फर्जी खातों में ठगी का पैसा डलवाते थे।


