अज्ञात कारणों से आग लगने से लाखों रुपए का घरेलू सामान जला
रामगढ़ (राधेश्याम गेरा) रामगढ़ उपखण्ड क्षेत्र की ग्राम पंचायत चौमा गांव में पानी की टैंक के पास एक पक्के मकान में बीती रात्रि को अज्ञात कारणों के चलते अचानक आग लग गई। जिससे कमरे में रखा लाखों रुपए का घरेलू सामान और नगदी जलकर राख हो गए। घटना की जानकारी मिलते ही लोगों ने मुश्किल से आग पर काबू पाया और प्रशासन को इसकी सूचना दी।
पीड़ित के पिता राम लाल पंवार ने बताया कि पक्के मकान में अज्ञात कारणों के चलते अचानक आग लग गई। घटना का पता मकान से अचानक तेज धुआं निकलता देख चला तब परिजनों के शोर मचाने पर लोगों की मदद से मुश्किल से घंटों की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया।
ग्रामीणों ने बताया कि आग इतनी तेजी से फैली कि देखते ही देखते पूरे कमरे को अपनी चपेट में ले लिया। आग की लपटें इतनी तेज थीं कि आसपास के लोग भी दहशत में आ गए। लेकिन ग्रामीणों ने हिम्मत दिखाते हुए आग पर काबू पाने की कोशिश की और आखिरकार आग पर काबू पा लिया गया।लेकिन आग से कमरे में रखा घरेलू सामान लकड़ी का बेड, टीवी, नगदी, कपड़े गहनों सहित लाखों रुपए का सामान जलकर राख हो गया।
जानकारी में पीड़ित के पिता रामलाल पंवार ने बताया कि उनका लड़का अशोक पंवार टपूकड़ा में मजदूरी करता था। एक-दो दिन के लिए अपने मां-बाप से मिलने के लिए बच्चों के साथ चौमा घर आया हुआ था। रविवार की शाम को फिर मजदूरी के लिए बच्चों के साथ टपूकड़ा के लिए चला गया था। अशोक की माता-पिता घर पर ही थे वह शाम को दूसरे कमरे में सो गए थे और अशोक का कमरा बंद था जिसका पता सुबह करीब 3:00 बजे आग का पता चला। अशोक के कमरे में पूरा सामान रखा हुआ था। जो कि पूरी तरह जलकर खाक हो गया है।
रामलाल ने अपने बेटे को फोन कर कर घर में लगी आग की सूचना दी सूचना मिलते ही अशोक टपूकड़ा में मजदूरी छोड़कर चौमा वापस आ गया। घटना के बाद से परिजनों का रो-रो कर बुरा हाल है।
लोगों ने बताया कि इस घटना से पीड़ित परिवार को काफी नुकसान हुआ है और उन्हें आर्थिक सहायता की जरूरत है। प्रशासन से मांग की गई है कि पीड़ित परिवार को जल्द से जल्द सहायता प्रदान की जाए ताकि वे अपना जीवन फिर से शुरू कर सकें।
हल्का पटवारी दीपक मीणा ने बताया कि चौमा गांव में अशोक पंवार के मकान में अज्ञात कारणों से आग लगने की सूचना मिली। जिस पर मौके पर पहुंच कर नुकसान का जायजा लिया और उच्च अधिकारियों को रिपोर्ट भेज दी गई है।