गोविंदगढ़ में चाचा-भतीजे में चले लाठी-डंडे: एक ही परिवार के 8 लोग घायल, गंदे पानी को लेकर हुआ विवाद
अलवर जिले के गोविंदगढ़ थाना क्षेत्र के मूडपुरी कलां गांव में शनिवार को मामूली विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। कपड़ों के गंदे पानी को लेकर हुए झगड़े में दो पक्षों के कुल 8 लोग घायल हो गए। सभी घायलों को गोविंदगढ़ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) में भर्ती कराया गया है।
- चाचा-भतीजे के बीच हुआ विवाद
यह विवाद एक ही परिवार के चाचा और भतीजे के बीच शुरू हुआ। उमेश के बड़े भाई राकेश की बेटी घर में कपड़े धो रही थी, जिसका पानी पास स्थित राम सिंह के खेत में चला गया।
पीड़ित उमेश ने बताया- राम सिंह के बेटे मनीष ने पानी डालने का विरोध करते हुए युवती पर लाठी से हमला कर दिया। शोर सुनकर उमेश और उनके परिजन, जो पास के खेत में गेहूं काट रहे थे, मौके पर पहुंचे। आरोप है कि दूसरे पक्ष ने उन पर भी हमला कर दिया, जिसमें उमेश और बबली गंभीर रूप से घायल हो गए।
वहीं, राम सिंह के पक्ष का आरोप है कि उनका परिवार खेत में गेहूं की फसल काट रहा था। उन्होंने दावा किया कि दूसरा पक्ष जान बूझकर उनके खेत में गंदा पानी डालकर फसल खराब कर रहा था। जब उन्हें रोका गया, तो उमेश के परिवार ने उन पर हमला कर दिया। इस पक्ष से राम सिंह, मनीष, सोनिया बाई, मनीषा, सुमित्रा और कविता घायल हुए हैं।
- ग्रामीणों ने घायलों को अस्पताल पहुंचाया
घटना के बाद गांव में तनाव की स्थिति बन गई। ग्रामीणों की मदद से सभी घायलों को गोविंदगढ़ सीएचसी पहुंचाया गया। दोनों पक्षों की ओर से गोविंदगढ़ पुलिस थाने में रिपोर्ट दर्ज कराने के लिए आवेदन दिए गए हैं।
गोविंदगढ़ थाना पुलिस हेड कॉन्स्टेबल संजय कुमार ने बताया- खेत में पानी डालने के विवाद को लेकर दो पक्षों में झगड़ा हुआ है। दोनों तरफ से कुछ लोग घायल हैं। इस संबंध में अभी तक कोई मामला दर्ज नहीं हुआ है।