धौलागढ़ देवी का लख्खी मेले में रोजाना हजारों श्रद्धालु कर रहे दर्शन; श्रद्धालु अपने परिवार व क्षेत्र की सुख-समृद्धि की कामना कर रहे हैं।
कठुमर (दिनेश लेखी) उपखंड क्षेत्र के प्रसिद्ध बहतुकला स्थित धौलागढ़ देवी मंदिर का लख्खी मेला इन दिनों पूरे शबाब पर है। मेले का शुभारंभ 7 अप्रैल से हुआ, जो 13 अप्रैल तक आयोजित किया जायेगा। मेले में प्रतिदिन हजारों- लाखों श्रद्धालु माता के दर्शन के लिए पहुंच रहे हैं और अपने परिवार व क्षेत्र की सुख-समृद्धि की कामना कर रहे हैं।
मेले में उत्तर प्रदेश, बिहार, राजस्थान, छत्तीसगढ़ सहित विभिन्न राज्यों और जिलों से श्रद्धालु बड़ी संख्या में आ रहे हैं। मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं की लंबी कतारें देखी जा रही हैं और पूरा क्षेत्र भक्तिमय माहौल में डूबा हुआ है।
मेले में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर प्रशासन पूरी तरह सतर्क है। मंदिर परिसर और आसपास के क्षेत्र में पुलिस बल की व्यापक तैनाती की गई है। इसके साथ ही आरएसी की बटालियन भी सुरक्षा व्यवस्था संभाले हुए है।
मंदिर परिसर में लगाए गए सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से असामाजिक तत्वों और आपराधिक प्रवृत्ति के लोगों पर लगातार निगरानी रखी जा रही है, ताकि किसी भी अप्रिय घटना को रोका जा सके।
मेले की व्यवस्थाओं पर मेला मजिस्ट्रेट तहसीलदार भानू प्रताप एवं थानाधिकारी रामजीलाल द्वारा लगातार मॉनिटरिंग की जा रही है। श्रद्धालुओं को किसी भी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए प्रशासन हर स्तर पर मुस्तैद नजर आ रहा है।
मेले में आने वाले श्रद्धालुओं के लिए पार्किंग सहित अन्य आवश्यक सुविधाओं की समुचित व्यवस्था की गई है। मंदिर प्रांगण को रंग-बिरंगी रोशनी से सजाया गया है, जिससे पूरे क्षेत्र में उत्सव जैसा माहौल बना हुआ है।मेले में सजी दुकानों पर लोग अपनी जरूरत का सामान खरीद रहे हैं। बच्चों के मनोरंजन के लिए झूले, मौत का कुआं, मिक्की माउस सहित विभिन्न आकर्षणों की व्यवस्था की गई है, जिससे मेले की रौनक और बढ़ गई है।
मंदिर परिसर में किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए फायर ब्रिगेड की गाड़ी तथा चिकित्सा विभाग की ओर से एंबुलेंस सहित आवश्यक व्यवस्थाएं की गई हैं। मेला समिति के अनुसार 7 अप्रैल से शुरू हुआ यह लख्खी मेला 13 अप्रैल तक चलेगा, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालु माता के दर्शन कर मन्नत मांग रहे हैं और मेले के आकर्षणों का आनंद ले रहे हैं।

