65 करोड़ की सड़क निर्माण से पहले ही खराब: जगह-जगह गड्ढे, डामर उखड़ा; परियोजना निदेशक बोले- ठीक करवा देंगे
अलवर जिले में पापड़ी स्टैंड वाया नौगांव से गोविन्दगढ़ तक 65 करोड़ रुपए की लागत से बन रही सड़क निर्माण पूरा होने से पहले ही खराब होने लगी है। रास्ते पर जगह-जगह गहरे गड्ढे, उखड़ा डामर और धंसे हुए हिस्से दिखाई दे रहे हैं।
- दो साल से चल रहा निर्माण कार्य
इस सड़क का निर्माण कार्य करीब दो सालों से चल रहा है, लेकिन यह अब तक पूरा नहीं हो पाया है। पांच साल की गारंटी वाली इस सड़क की स्थिति हैंडओवर से पहले ही बिगड़ने लगी है, जिससे इसकी गुणवत्ता पर गंभीर सवाल उठ रहे हैं। कई स्थानों पर पानी भरे गड्ढों से हादसों का खतरा बढ़ गया है, जिससे राहगीरों और वाहन चालकों को आवागमन में परेशानी हो रही है।
स्थानीय ग्रामीणों सोनू, रामपाल, मोहन और पुरुषोत्तम ने आरोप लगाया है कि सड़क निर्माण के दौरान घटिया सामग्री का उपयोग किया गया। ग्रामीणों ने बताया कि उन्होंने काम के समय इसका विरोध भी किया था, लेकिन संबंधित विभाग और ठेकेदार ने उनकी शिकायतों पर कोई ध्यान नहीं दिया।
ग्रामीणों ने बताया कि खेड़ा महमूद से गोविन्दगढ़ के बीच सड़क की हालत अधिक खराब है। कई स्थानों पर सड़क पूरी तरह उखड़ चुकी है, जबकि कुछ हिस्सों में गहरी धंसान है। ग्रामीणों में इस स्थिति को लेकर भारी नाराजगी है।
उनका कहना है कि करोड़ों रुपए खर्च होने के बावजूद सड़क की यह हालत लापरवाही और सरकारी राशि के दुरुपयोग को दर्शाती है। ग्रामीणों ने सड़क निर्माण की उच्चस्तरीय जांच कर दोषी ठेकेदार और अधिकारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।
- परियोजना निदेशक बोले- सड़क को जल्द दुरुस्त कराया जाएगा
इस संबंध में आरएसआरडीसी अलवर के परियोजना निदेशक (पीडी) सतीश कुमार ने बताया कि सड़क का निर्माण कार्य अभी जारी है। उन्होंने कहा कि पूर्व में बने गड्ढों को ठीक कराया जा चुका है और यदि कहीं गड्ढे शेष हैं, तो उन्हें भी जल्द दुरुस्त कराया जाएगा।


