संभागीय आयुक्त ने ली समीक्षा बैठक; सभी संस्थान सामाजिक अंकेक्षण प्रकरणों का त्वरित निस्तारण करें- संभागीय आयुक्त
भरतपुर, (कौशलेन्द्र दत्तात्रेय) संभागीय आयुक्त नलिनी कठोतिया की अध्यक्षता में डीसी सभागार में पंचायतीराज एवं स्थानीय निकायों में सामाजिक अंकेक्षण से संबंधित प्रकरणों की अनुपालना तथा लंबित मामलों के प्रभावी निस्तारण के उद्देश्य से बैठक आयोजित की गई। सामाजिक लेखा परीक्षा जवाबदेही एवं पारदर्शिता सोसायटी मुख्यालय जयपुर के निदेशक सावरमल वर्मा द्वारा विभिन्न सामाजिक अंकेक्षण योजनाओं की विस्तृत समीक्षा की।
संभागीय आयुक्त ने समीक्षा के दौरान सामाजिक अंकेक्षण से संबंधित लंबित प्रकरणों की स्थिति का गहन विश्लेषण करते हुए उनके त्वरित निस्तारण हेतु आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सभी लंबित मामलों को प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र निस्तारित किया जाए तथा प्रगति की नियमित समीक्षा सुनिश्चित की जाए।
निदेशक वर्मा ने कहा कि संबंधित अधिकारी सामाजिक अंकेक्षण प्रक्रिया में पारदर्शिता एवं जवाबदेही सुनिश्चित करते हुए समयबद्ध कार्यवाही करें। उन्होंने योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन हेतु सामाजिक अंकेक्षण को एक सशक्त एवं अनिवार्य प्रक्रिया के रूप में अपनाने पर बल दिया, जिससे जनहित एवं जनकल्याण सुनिश्चित हो सके।
समिति ने जोर दिया कि सामाजिक अंकेक्षण के माध्यम से प्राप्त निष्कर्षों को गंभीरता से लेते हुए सुधारात्मक कार्यवाही की जाए, ताकि योजनाओं में पारदर्शिता, गुणवत्ता एवं प्रभावशीलता बनी रहे। अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि वे निर्धारित समय-सीमा में सभी कार्य पूर्ण कर अपनी प्रगति रिपोर्ट अनिवार्य रूप से प्रस्तुत करें।
अतिरिक्त संभागीय आयुक्त नीलिमा तक्षक ने सभी उपस्थित अधिकारियों एवं प्रतिभागियों का स्वागत करते हुए संभाग में पंचायतीराज संस्थाओं एवं स्थानीय निकायों के प्रकरणों के की पालना रिर्पोट समय पर भिजवाने के निर्देश दिए। बैठक में जिला कलक्टर कमर चौधरी, जिला परिषद सीईओ मृदुलसिंह, संभाग के सभी जिलों के जिला कलक्टर (समन्वयक मनरेगा), मुख्य कार्यकारी अधिकारी जिला परिषद तथा संबंधित विभागों के अधिकारियों ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से भाग लिया।


