गौचर बचाओ फाउंडेशन की भीलवाड़ा जिला कार्यकारिणी घोषित: उदय लाल बोराना जिला संयोजक और मुकेश सुथार बने जिला महासचिव
भीलवाड़ा (राजकुमार गोयल)। गौचर बचाओ फाउंडेशन के संगठनात्मक विस्तार और प्रदेश में गौचर, चारागाह, वन, जल स्रोत एवं पर्यावरण संरक्षण के उद्देश्यों की प्रभावी पूर्ति हेतु भीलवाड़ा जिला कार्यकारिणी की आधिकारिक घोषणा की गई है। यह घोषणा फाउंडेशन की प्रदेश संयोजक लक्ष्मी कुमारी (एडवोकेट) द्वारा राष्ट्रीय संयोजक गौटू सिंह मंगलपुरा की सहमति से सोमवार को की गई।
कार्यकारिणी में इन्हें मिली मुख्य जिम्मेदारियां: संगठन को मजबूती प्रदान करने और पर्यावरण व गौचर भूमि के संरक्षण के लिए भीलवाड़ा जिले के प्रमुख प्रबुद्धजनों और सामाजिक कार्यकर्ताओं को अहम पदों पर नियुक्त किया गया है: जिनमे जिला संयोजक: उदय लाल बोराना (एडवोकेट), जिला महासचिव: मुकेश कुमार सुथार (एडवोकेट), जिला विधि सलाहकार: आरपी पटवारी (एडवोकेट), और जिला प्रचारक: हंसराज अठारीया (प्रसिद्ध यूट्यूबर एवं सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर) शामिल है।
इन मुख्य पदाधिकारियों के साथ-साथ जिले के विभिन्न क्षेत्रों से जुड़े सक्रिय सामाजिक कार्यकर्ताओं को भी कार्यकारिणी में शामिल कर महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं।
गौचर और पर्यावरण संरक्षण के लिए काम करेगी टीम: कार्यकारिणी की घोषणा करते हुए संगठन के शीर्ष नेतृत्व ने यह गहरा विश्वास व्यक्त किया है कि नवगठित जिला टीम भीलवाड़ा जिले में अवैध रूप से कब्जाई जा रही गौचर व चारागाह भूमि के संरक्षण, पर्यावरण संवर्धन, जल स्रोतों के पुनरुद्धार और जन-जागरूकता अभियानों के क्षेत्र में एक सक्रिय और ऐतिहासिक भूमिका निभाएगी। सभी नव नियुक्त पदाधिकारियों को सामाजिक संगठनों और आम जन द्वारा बधाई व शुभकामनाएं प्रेषित की जा रही हैं।


