महिलाओं को मिल रही सुरक्षा और सुविधाओं का अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ने लिया जायजा
बावड़ी / जोधपुर (मिश्रीलाल लखारा)।
क्षेत्र में महिलाओं की सुरक्षा एवं दी जाने वाली सहायता सेवाओं की गुणवत्ता परखने के उद्देश्य से मंगलवार सायं 5:30 बजे अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (RPS) भूपाल सिंह ने 'सखी वन स्टॉप सेंटर' जोधपुर द्वितीय (बावड़ी) का औचक निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ने केंद्र की कार्यप्रणाली का बारीकी से जायजा लिया। उन्होंने दफ्तर में संधारित केस रजिस्टर, कार्मिक उपस्थिति रजिस्टर, दैनिक कार्य विवरण रजिस्टर सहित तमाम महत्वपूर्ण अभिलेखों का गहनता से अवलोकन किया। इसके साथ ही उन्होंने परिसर की साफ-सफाई, फाइलों के रख-रखाव एवं समग्र व्यवस्थाओं का मुआयना कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
केंद्र प्रभारी ने दी 24×7 सुविधाओं की जानकारी
निरीक्षण के दौरान केंद्र प्रभारी राधा गौड़ ने अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक को सेंटर की ओर से पीड़ित महिलाओं को दी जाने वाली सुविधाओं से अवगत कराया। उन्होंने बताया कि केंद्र द्वारा 24 घंटे आपातकालीन सहायता, पुलिस समन्वय, त्वरित चिकित्सकीय व विधिक सहायता, मनोसामाजिक परामर्श, वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग तथा पीड़ित महिलाओं को आवश्यकता पड़ने पर 5 दिवस तक अस्थायी आश्रय की नि:शुल्क सुविधा प्रदान की जाती है।
व्यवस्थाओं पर व्यक्त किया संतोष
अभिलेखों के सुव्यवस्थित संधारण और कार्यालय की साफ-सफाई को देखकर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक भूपाल सिंह ने प्रसन्नता जताई और केंद्र की पूरी व्यवस्था पर संतोष व्यक्त किया। इस अवसर पर केंद्र प्रभारी राधा गौड़ के साथ समाजशास्त्र विशेषज्ञ, मनोसामाजिक परामर्शदाता एवं सखी वन स्टॉप सेंटर का समस्त स्टाफ मौजूद रहा।


