कार्तिक पूर्णिमा पर रामधाम खेड़ापा में उमड़ा आस्था का जनसैलाब: हरि सरोवर में स्नान कर श्रद्धालुओं ने किए दर्शन
बावड़ी (जोधपुर) मिश्रीलाल लखारा । बावड़ी उपखंड के खेड़ापा कस्बे स्थित अखिल भारतीय रामस्नेही संप्रदाय की प्रमुख आचार्यपीठ एवं ‘छोटी काशी’ के नाम से विख्यात रामधाम खेड़ापा में बुधवार को कार्तिक पूर्णिमा के पावन अवसर पर श्रद्धा और आस्था का जनसैलाब उमड़ पड़ा। अलसुबह से ही श्रद्धालुओं के पहुंचने का सिलसिला शुरू हो गया, जो दिनभर जारी रहा। आसपास के गांवों सहित दूर-दराज के क्षेत्रों से बड़ी संख्या में पहुंचे भक्तों ने धार्मिक अनुष्ठानों में भाग लेकर भगवान के दर्शन किए तथा परिवार व क्षेत्र की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की।
कार्तिक पूर्णिमा के पर्व पर श्रद्धालुओं ने सर्वप्रथम रामधाम परिसर स्थित हरि सरोवर में आस्था की डुबकी लगाकर पुण्य लाभ अर्जित किया। इसके पश्चात निज मंदिर पहुंचकर अखिल भारतीय रामस्नेही संप्रदाय के आदि आचार्य रामदास महाराज की चरण पादुकाओं के समक्ष शीश नवाया और धोक लगाकर आशीर्वाद प्राप्त किया। दिनभर मंदिर परिसर में भक्तों की रेलमपेल बनी रही और पूरा वातावरण रामनाम के संकीर्तन से गूंजता रहा।
इस अवसर पर महिला श्रद्धालुओं में भी विशेष उत्साह नजर आया। महिलाओं ने विधि-विधान से तुलसी और पीपल का पूजन कर परिवार की मंगलकामना की। कार्तिक पूर्णिमा पर स्नान, दान और पूजा-अर्चना के विशेष महत्व के चलते श्रद्धालुओं ने पूरे श्रद्धाभाव के साथ धार्मिक परंपराओं का निर्वहन किया।
वहीं रामधाम के पीठाधीश्वर आचार्य पुरुषोत्तमदास महाराज के दर्शनों के लिए भी दिनभर भक्तों का तांता लगा रहा। श्रद्धालुओं ने महाराजश्री के चरणों में शीश नवाकर आशीर्वाद प्राप्त किया। पूरे दिन रामधाम खेड़ापा आस्था, भक्ति और अध्यात्म के प्रमुख केंद्र के रूप में नजर आया।

