खेड़ापा थाने पहुंचे एएसपी भोपाल सिंह, सीएलजी बैठक में गूंजा चोरियों और नशे का मुद्दा; साइबर अपराध पर सतर्क रहने की अपील
बावड़ी / जोधपुर (मिश्रीलाल लखारा)।
क्षेत्र में कानून-व्यवस्था को मजबूत करने और आमजन से बेहतर समन्वय स्थापित करने के उद्देश्य से अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) भोपाल सिंह ने मंगलवार शाम खेड़ापा थाने का दौरा किया। इस दौरान वृत्ताधिकारी (सीओ) भंवरलाल भी उनके साथ मौजूद रहे। अधिकारियों ने थाना परिसर में आयोजित सीएलजी (कम्युनिटी लाइजनिंग ग्रुप) बैठक में सीएलजी सदस्यों और क्षेत्र के प्रबुद्ध नागरिकों से सीधा संवाद कर जनसमस्याएं सुनीं।
साइबर ठगी से सावधान रहने का आह्वान
बैठक को संबोधित करते हुए एएसपी भोपाल सिंह ने लगातार बढ़ रहे साइबर अपराधों पर चिंता जताई। उन्होंने आमजन से अपील की कि वे किसी भी अनजान लिंक पर क्लिक न करें, अपनी बैंक संबंधी जानकारी या ओटीपी किसी के साथ साझा न करें और किसी भी संदिग्ध कॉल या ठगी की स्थिति में तुरंत पुलिस को सूचित करें। उन्होंने सीएलजी सदस्यों से गांव-गांव जाकर लोगों को साइबर सुरक्षा के प्रति जागरूक करने का आह्वान किया।
बावड़ी चौकी में स्टाफ की कमी और नशे पर उठी आवाज
संवाद के दौरान सीएलजी सदस्यों ने बावड़ी क्षेत्र में बढ़ती चोरी की घटनाओं पर चिंता जताते हुए रात्रि गश्त बढ़ाने और प्रभावी कार्रवाई की मांग की। वहीं बावड़ी प्रशासक हरेंद्र ग्वाला ने अधिकारियों का ध्यान आकर्षित करते हुए बताया कि 9 स्वीकृत पदों वाली बावड़ी पुलिस चौकी फिलहाल महज एक कांस्टेबल के भरोसे चल रही है, जिससे कानून-व्यवस्था प्रभावित हो रही है। उन्होंने जल्द पर्याप्त पुलिस बल तैनात करने की मांग की।
इसके अलावा सोयला एवं खेड़ापा क्षेत्र के ग्रामीणों ने इलाके में पनप रहे नशे के कारोबार और नशेड़ियों के खिलाफ विशेष अभियान चलाकर सख्त कार्रवाई की मांग उठाई।
समस्याओं के निस्तारण का दिया आश्वासन
अधिकारियों ने ग्रामीणों की सभी मांगों को ध्यानपूर्वक सुना और जल्द से जल्द आवश्यक कदम उठाने का भरोसा दिया। बैठक में थानाधिकारी लाखाराम, खेड़ापा प्रशासक जेठाराम, जसवंत सिंह, बजरंग सहित आसपास के गांवों के जनप्रतिनिधि एवं सीएलजी सदस्य उपस्थित रहे।


