मैलाणा में पर्यावरण संरक्षण का अनूठा संदेश: ग्रामीणों ने फुटी नाड़ी पर किया सामूहिक पौधारोपण, पौधों को सहेजने का लिया संकल्प
मिश्रीलाल लखारा (बावड़ी/जोधपुर)
बावड़ी/मैलाणा। उपखंड क्षेत्र के मैलाणा गांव में शनिवार को पर्यावरण संरक्षण और गांव को हरा-भरा बनाने के संकल्प के साथ सामूहिक पौधारोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। गांव की फुटी नाड़ी (देवासियों की फुटी नाड़ी) पर आयोजित इस हरित अभियान में ग्रामीणों और युवाओं ने बढ़-चढ़कर भाग लिया। इस दौरान विभिन्न प्रजातियों के छायादार और फलदार पौधे लगाकर उनके नियमित देखभाल व संरक्षण की सामूहिक शपथ ली गई।
आने वाली पीढ़ी को शुद्ध हवा देने की पहल कार्यक्रम के दौरान ग्रामीणों ने कहा कि प्राकृतिक संतुलन को बनाए रखने और आने वाली पीढ़ियों के लिए स्वच्छ एवं शुद्ध वातावरण सुनिश्चित करने के उद्देश्य से यह पहल की गई है। इस तरह के सामूहिक अभियानों से न केवल गांव का वातावरण सुहावना होता है, बल्कि आमजन में प्रकृति के प्रति अपनी जिम्मेदारी और जागरूकता का भाव भी मजबूत होता है। युवाओं ने आह्वान किया कि हर व्यक्ति को अपने जीवन में कम से कम एक पौधा लगाकर उसकी पूरी देखभाल करनी चाहिए।
युवाओं ने दिखाई सक्रिय भागीदारी इस हरित अभियान में गांव के युवाओं ने अग्रणी भूमिका निभाई। पौधारोपण के दौरान सुनील देवासी, मोतीराम देवासी, हड़मान देवासी, गणपतसिंह, मुकेश पंचारिया, खेताराम नायक, पप्पूराम नायक, गणपत नायक, ढगलाराम लोहार, बनाराम बरवाड़, सुखाराम नायक, मुकाराम मेघवाल और प्रकाश हरिजन सहित कई ग्रामीणों ने मौजूद रहकर अपनी सक्रिय भागीदारी निभाई।

