"पीले चावलों का रखेंगे मान, 9 सितंबर को करेंगे मतदान": महुवा में सांटिया व गाड़िया लुहार बस्ती के मतदाताओं को किया जागरूक

Sep 7, 2026 - 21:38
 0
"पीले चावलों का रखेंगे मान, 9 सितंबर को करेंगे मतदान": महुवा में सांटिया व गाड़िया लुहार बस्ती के मतदाताओं को किया जागरूक

महुवा निकाय चुनाव 2026: 'वोट बुलावा' अभियान के तहत गाड़िया लुहार बस्ती में बांटे गए पीले चावल, 9 सितंबर को मतदान की मनुहार

महुवा | अवधेश अवस्थी

​महुवा नगर पालिका चुनाव 2026 में मतदान प्रतिशत बढ़ाने तथा आमजन को लोकतंत्र के इस महापर्व में भागीदार बनाने के उद्देश्य से व्यापक स्तर पर मतदाता जागरूकता अभियान (स्वीप) चलाया जा रहा है। रिटर्निंग ऑफिसर (एसडीएम) प्रेम राज मीना, एआरओ पृथ्वीराज मीना तथा ईओ राजेश मीना के निर्देशन व सीबीईओ कमलेश मीना के मार्गदर्शन में विभिन्न जागरूकता गतिविधियाँ आयोजित की जा रही हैं।

उपखंड कार्यालय पर सजायी गई रंगोली, दिलाई गई शपथ

स्वीप कोऑर्डिनेटर रोहिताश कुमार शर्मा ने बताया कि निर्धारित स्वीप कैलेंडर के अनुसार 'वोट बुलावा' कार्यक्रम के तहत महुवा एसडीएम कार्यालय परिसर में मनमोहक रंगोली सजाई गई तथा वोट सिंबल बनाया गया। इस दौरान आरओ की मौजूदगी में अधिकारियों व कर्मचारियों को निष्पक्ष एवं अनिवार्य मतदान की शपथ दिलाई गई और आगामी 9 सितंबर को मताधिकार का प्रयोग करने के लिए प्रेरित किया गया।

बस्ती में बांटे गए पीले चावल

इसके पश्चात राजकीय टीकाराम पालीवाल उच्च माध्यमिक विद्यालय के समीप स्थित सांटिया व गाड़िया लुहारों की बस्ती में विशेष अभियान चलाया गया। नगर पालिका के कनिष्ठ अभियंता पृथ्वीराज गुर्जर के नेतृत्व में टीम ने रंगोली एवं वोट सिंबल बनाकर "पीले चावलों का रखेंगे मान, 9 सितंबर को करेंगे मतदान, लोकतंत्र का हो सम्मान" के उद्घोष के साथ निवासियों को पारंपरिक रूप से पीले चावल देकर 9 सितंबर को मतदान करने का न्योता दिया। इस अवसर पर बस्ती के महिला व पुरुष मतदाताओं ने शत-प्रतिशत मतदान करने का आश्वासन दिया।

विभागीय अधिकारी, कर्मचारी व स्काउट रहे मौजूद

जागरूकता कार्यक्रम में दौलत मीना, मुकेश गुर्जर, भगवान सिंह, कुलदीप गुर्जर, विजय सिंह मीना, चेतन गर्ग, विष्णु शर्मा, शैलेष गुप्ता, सुनील शर्मा, दीपक खोवाल, एल.एस. कमलेश मीना, श्रीमती अनीता अवस्थी, गीता शर्मा, उमा, सीता अग्रवाल, स्काउट लीडर मनीष सैनी, स्काउट गाइड, आंगनवाड़ी कार्यकर्ता तथा स्थानीय युवा एवं मतदाता बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। कार्यक्रम के अंत में "अपना फर्ज निभाना है, मतदान करने जाना है" के नारों के साथ क्षेत्रवासियों से लोकतंत्र में भागीदारी सुनिश्चित करने की अपील की गई।

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow

एक्सप्रेस न्यूज़ डेस्क बुलंद आवाज के साथ निष्पक्ष व निर्भीक खबरे... आपको न्याय दिलाने के लिए आपकी आवाज बनेगी कलम की धार... आप भी अपने आस-पास घटित कोई भी सामाजिक घटना, राजनीतिक खबर हमे हमारी ई मेल आईडी [email protected] या वाट्सएप न 8094612000 पर भेज सकते है हम हर सम्भव प्रयास करेंगे आपकी खबर हमारे न्यूज पोर्टल पर साझा करें। हमारे चैनल GEXPRESSNEWS से जुड़े रहने के लिए धन्यवाद................