जहाजपुर की बेटी ने रचा इतिहास, भीलवाड़ा जिले की पहली महिला लेफ्टिनेंट बनीं कनिका पाराशर; घर लौटने पर नगर में जगह-जगह हुआ भव्य स्वागत,
जहाजपुर (मोहम्मद आज़ाद नेब) उपखंड मुख्यालय जहाजपुर की बेटी कनिका पाराशर ने भारतीय सेना में लेफ्टिनेंट बनकर न केवल अपने परिवार बल्कि पूरे भीलवाड़ा जिले और समाज का नाम रोशन किया है। कनिका भीलवाड़ा जिले की प्रथम महिला लेफ्टिनेंट बनी हैं।
भारतीय सेना में अधिकारी बनने के काफी समय बाद पहली बार अपने गृह नगर जहाजपुर पहुंचने पर नगरवासियों ने उनका पलक-पांवड़े बिछाकर भव्य स्वागत किया। जगह-जगह आमजन, जनप्रतिनिधियों और युवाओं ने फूल-मालाओं से लाद दिया और परम्परागत साफा भेंट कर सम्मान किया। जानकारी के अनुसार लेफ्टिनेंट कनिका पाराशर के माता-पिता दोनों शिक्षक हैं। घर में शुरू से ही राष्ट्रसेवा का माहौल मिला।
इस अवसर पर लेफ्टिनेंट कनिका पाराशर ने कहा कि "शुरू से ही घर में यही माहौल था कि राष्ट्र सेवा सर्वोपरि है। मैंने कॉलेज के समय से एनसीसी की, जिससे मुझे आर्मी का रास्ता मिला। उसके बाद परीक्षा देकर मैंने आर्मी ज्वाइन की। अपनी मेहनत, माता-पिता और गुरुजनों के आशीर्वाद से आज मैं भारतीय सेना में पहुंची हूं। काफी समय बाद जहाजपुर आने पर जिस तरह मेरा स्वागत-सत्कार किया गया, उससे मैं अभिभूत हूं। मैं सभी की आभारी रहूंगी।"
गौरतलब है कि जहाजपुर क्षेत्र को सैनिकों की धरती के रूप में जाना जाता है। यहां के ग्रामीण अंचलों से बड़ी संख्या में युवा वर्तमान में भारतीय सेना में सेवारत हैं और बड़ी संख्या में पूर्व सैनिक भी हैं। अब कनिका की सफलता से क्षेत्र की बेटियों को भी सेना में जाने की नई प्रेरणा मिली है।

