भरतपुर में श्रद्धा से मनाई गई गांधीजी की 157वीं व शास्त्री जयंती, जिला कलक्टर ने युवाओं को दिए प्रेरणादायी संदेश
भरतपुर / कोशलेन्द्र दत्तात्रेय , 2 अक्टूबर
राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की 157वीं जयंती और देश के पूर्व प्रधानमंत्री भारत रत्न लाल बहादुर शास्त्री की जयंती के पावन अवसर पर शुक्रवार को जिला प्रशासन की ओर से स्थानीय सूचना केन्द्र, भरतपुर में एक भव्य श्रद्धांजलि कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम की शुरुआत राष्ट्रपिता महात्मा गांधी के प्रिय भजन 'वैष्णव जन तो तेने कहिए' और मनमोहक रामधुन की प्रस्तुति के साथ हुई, जिससे पूरा वातावरण देशभक्ति और शांति के भाव से सराबोर हो गया।
चित्र पर पुष्प अर्पित कर दी श्रद्धांजलि कार्यक्रम के दौरान जिला कलक्टर कमर चौधरी ने राष्ट्रपिता महात्मा गांधी और पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री के चित्रों पर दीप प्रज्ज्वलित कर पुष्प अर्पित किए और उन्हें नमन किया।
महात्मा गांधी और शास्त्री जी के आदर्श आज भी प्रासंगिक: कलक्टर संबोधन के दौरान जिला कलक्टर कमर चौधरी ने कहा कि राष्ट्रपिता महात्मा गांधी ने अपने विचारों और सिद्धांतों से पूरी दुनिया को सत्य, अहिंसा, शांति और सद्भाव का मार्ग दिखाया। उन्होंने बल देते हुए कहा कि आज की युवा पीढ़ी को राष्ट्र निर्माण में सकारात्मक भूमिका निभाने के लिए बापू के सिद्धांतों को अपने जीवन में आत्मसात करने की आवश्यकता है।
उन्होंने आगे कहा कि पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री का स्वतंत्रता संग्राम, प्रशासनिक कुशलता और राष्ट्र निर्माण में अतुलनीय योगदान रहा है। शास्त्री जी का सादगीपूर्ण जीवन, कर्तव्यनिष्ठा और ईमानदारी देशवासियों के लिए सदैव प्रेरणा का स्रोत बने रहेंगे।
प्रशासनिक अधिकारी रहे मौजूद इस अवसर पर एडीएम सिटी राहुल सैनी, भरतपुर उपखंड अधिकारी भारती गुप्ता, ओमप्रकाश, खुबीराम सहित जिला प्रशासन के तमाम वरिष्ठ अधिकारियों और कर्मचारियों ने भी दोनों महान विभूतियों के चित्रों पर पुष्प अर्पित कर भावभीनी श्रद्धांजलि दी।

