चुनाव पर्यवेक्षक मनीष गोयल ने डीग जिले के कामां कस्बे मे मतदान केंद्रों का किया निरीक्षण; मतदान प्रक्रिया और व्यवस्थाओं का लिया जायजा
डीग (कमलेश जैन) नगरीय निकाय आम चुनाव-2026 के तहत बुधवार को मतदान के दौरान राज्य निर्वाचन आयोग द्वारा नियुक्त चुनाव गृह एवं अपील विभाग केसंयुक्त शासन सचिव पर्यवेक्षक मनीष गोयल ने कामां नगर पालिका क्षेत्र के विभिन्न मतदान केंद्रों का निरीक्षण कर मतदान प्रक्रिया एवं व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
पर्यवेक्षक ने पीएम श्री राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय, कामां में वार्ड संख्या 17 एवं 32 के मतदान केंद्रों का निरीक्षण किया। इसके बाद राजकीय बालिका उच्च माध्यमिक विद्यालय में वार्ड संख्या 30 एवं 34 तथा राजकीय आंबेडकर छात्रावास में वार्ड संख्या 2 के मतदान केंद्र का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान पर्यवेक्षक ने पीठासीन अधिकारियों से मतदान प्रतिशत एवं प्रति घंटा मतदान की स्थिति की जानकारी ली। उन्होंने मतदान प्रक्रिया से संबंधित आवश्यक अभिलेखों एवं व्यवस्थाओं का भी अवलोकन किया। मतदान कक्ष में मतदाताओं की गोपनीयता, कतार व्यवस्था तथा वृद्ध एवं दिव्यांग मतदाताओं के लिए आवश्यक सुविधाओं की जानकारी ली गई।
पर्यवेक्षक ने मतदान केंद्रों के निर्धारित क्षेत्र में अनधिकृत आवाजाही पर निगरानी रखने तथा निर्वाचन संबंधी निर्देशों की पालना सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने मतदान प्रक्रिया को सुचारू रूप से संचालित करने के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं बनाए रखने को कहा। निरीक्षण के दौरान उपखंड अधिकारी एवं रिटर्निंग अधिकारी कामां अनिल मीना, सहायक निदेशक महिला अधिकारिता विभाग राजेश चौधरी सहित अन्य अधिकारी कर्मचारी मौजूद रहे।

