कथित बंगाली डॉक्टर के गलत इंजेक्शन लगाने से 10वीं की छात्रा की मौत, परिवार में कोहराम
पाली (राजस्थान): पाली जिले के जेतपुरा थाना क्षेत्र अंतर्गत गोदावास गांव में एक 14 वर्षीय स्कूली छात्रा की कथित तौर पर गलत इंजेक्शन लगाने के बाद तबीयत बिगड़ने से मौत हो गई। छात्रा सामान्य खांसी के इलाज के लिए निजी क्लिनिक गई थी। परिजनों ने उपचार करने वाले तथाकथित बंगाली डॉक्टर पर लापरवाही और गलत दवा देने का गंभीर आरोप लगाया है।
- खांसी का उपचार कराने गई थी क्लिनिक
जानकारी के अनुसार, गोदावास निवासी रति उर्फ संतोष (14) पुत्री शंकरलाल देवासी, जो कि कक्षा 10वीं की छात्रा थी, पिछले कुछ दिनों से खांसी से पीड़ित थी। गुरुवार दोपहर वह अपनी काकी के साथ पास के कुलथाना गांव में एक बंगाली डॉक्टर के पास दवा लेने गई थी।
- इंजेक्शन लगते ही बिगड़ी हालत
मृतका के काका भीकाराम ने बताया कि क्लिनिक में डॉक्टर ने छात्रा को एक इंजेक्शन लगाया। इंजेक्शन लगाते ही बालिका की तबीयत अचानक तेजी से बिगड़ने लगी और वह अचेत होने लगी। स्थिति गंभीर होते देख परिजनों ने तुरंत टैक्सी बुलाई और उपचार के लिए भाद्राजून अस्पताल लेकर रवाना हुए। इस दौरान संबंधित डॉक्टर भी उनके साथ अस्पताल गया।
- अस्पताल में डॉक्टरों ने किया मृत घोषित
भाद्राजून अस्पताल पहुंचने पर ड्यूटी डॉक्टरों ने स्वास्थ्य परीक्षण के बाद बालिका को मृत घोषित कर दिया। मौत की खबर सुनते ही परिजनों में कोहराम मच गया। घटना के बाद शव को पाली स्थित बांगड़ अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया गया है। परिजनों ने झोलाछाप डॉक्टर के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की है, वहीं पुलिस मामले की जानकारी जुटाकर जांच में जुट गई है।

